दिल्ली की सड़कों पर आज से उतरीं 400 नई ई-बसें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (02 मई 2025): दिल्लीवासियों को सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली, जब राजधानी की सड़कों पर एक साथ 400 नई इलेक्ट्रिक बसें उतारी गईं। इन बसों को कुशक नाला डिपो से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले यह कार्यक्रम 22 अप्रैल को होना था, लेकिन पोप फ्रांसिस के निधन पर घोषित राष्ट्रीय शोक के कारण इसे टाल दिया गया था। इन नई बसों को “देवी” (दिल्ली ईवी इंटरकनेक्टर) योजना के अंतर्गत चलाया जा रहा है। ये 9 मीटर लंबाई की मिनी बसें हैं, जो दिल्ली की तंग और अंदरूनी गलियों में भी आसानी से चलाई जा सकेंगी, जहां अब तक लंबी बसें नहीं पहुंच पाती थीं।

दिल्ली सरकार की यह पहल ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ को बेहतर करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। नई बसों का उपयोग मुख्य रूप से उन क्षेत्रों में किया जाएगा, जहां लोगों को बस स्टॉप से अपने गंतव्य तक पहुंचने में खासी परेशानी होती थी। राजधानी के चार डिपो से हाल ही में 464 पुरानी बसों का संचालन बंद कर दिया गया था, जिससे कई रूटों पर भारी दिक्कतें होने लगी थीं। यात्रियों को घंटों बस स्टैंड पर इंतजार करना पड़ रहा था। अब इन 400 नई बसों के आने से इस समस्या में काफी हद तक सुधार होने की उम्मीद है। हालांकि, अभी इनके रूटों की घोषणा नहीं की गई है।

इन इलेक्ट्रिक बसों को राजधानी के अलग-अलग डिपो में आवंटित किया गया है और जल्द ही इनका संचालन पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा। इन बसों से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रदूषण पर भी अंकुश लगेगा। ई-बसें पर्यावरण के लिहाज़ से बेहद लाभकारी हैं और दिल्ली जैसे प्रदूषण-प्रभावित शहर में इनका प्रयोग एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। इससे सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और निजी वाहनों पर निर्भरता भी घटेगी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में और वृद्धि की जाए।

इन नई ई-बसों में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। हर बस में 23 सीटें हैं, जिनमें से कुछ पिंक सीटें खासतौर पर महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। व्हीलचेयर के लिए एक समर्पित स्थान भी मौजूद है, जिससे दिव्यांग यात्रियों को सुविधा मिलेगी। एक बस में 15 यात्री खड़े होकर भी यात्रा कर सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज़ से हर बस में सात सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि ऑटोमैटिक पैसेंजर काउंटर कैमरे भी लगाए गए हैं जो यात्रियों की संख्या दर्ज करेंगे। ये बसें महज आधे घंटे में पूरी तरह चार्ज हो जाती हैं और एक बार चार्ज करने पर 150 किलोमीटर तक चल सकती हैं। ये खूबियां दिल्ली के बस नेटवर्क को अधिक सुलभ, सुरक्षित और टिकाऊ बनाएंगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।