दिल्ली फायर सर्विस मुख्यालय पहुंची मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, अफसरों में बढ़ा उत्साह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (25 अप्रैल 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को गृह मंत्री आशीष सूद के साथ कनॉट सर्कस स्थित दिल्ली फायर सर्विस (DFS) मुख्यालय पहुंचीं। यह पहला मौका था जब किसी मुख्यमंत्री ने DFS मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निशमन सेवाओं के संसाधनों का जायजा लिया और कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। DFS के निदेशक अतुल गर्ग ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। सीएम ने खुद अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण किया और कुछ उपकरणों को चलाकर उनकी कार्यक्षमता भी परखी। दौरे ने विभाग के अफसरों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा भर दी।

डीएफएस निदेशक अतुल गर्ग ने मुख्यमंत्री के दौरे पर खुशी जताते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आने से हमारे उत्साह और मोटिवेशन को बहुत बल मिला है। गर्ग ने बताया कि सीएम ने न केवल अग्निशमन उपकरणों को देखा बल्कि खुद उन्हें चलाकर भी परखा, जिससे कर्मचारियों का हौसला और बढ़ा। गर्ग ने आगे बताया कि सीएम ने आश्वासन दिया है कि विभाग को फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके अलावा, बजट भाषण में भी दमकल विभाग का जिक्र होना ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब दर्शाता है कि सीएम दिल्ली फायर सर्विस को देश का सर्वश्रेष्ठ बनाना चाहती हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दौरे के दौरान विभाग को आधुनिक बनाने की अपनी मंशा को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि अग्निशमन सेवाओं को और सशक्त करने के लिए नए संसाधनों की खरीद की जा रही है। सीएम ने निर्देश दिया है कि संकरी गलियों में आग बुझाने के लिए विशेष छोटे वाहन खरीदे जाएं। अतुल गर्ग ने बताया कि फायर सर्विस ने नई गाड़ियां खरीदी हैं और अब मोटरसाइकिल और ATV (ऑल टेरेन व्हीकल) भी खरीदी जा रही हैं। इससे तंग इलाकों में जल्दी पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सकेगा। सीएम के विजन के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विस को अत्याधुनिक स्तर पर ले जाने की योजना है।

अतुल गर्ग ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने विभाग को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। बजट में उल्लेख से लेकर संसाधन मुहैया कराने तक, हर कदम से उनकी गंभीरता दिखाई देती है। गर्ग ने कहा कि अब विभाग के पास हर तरह के आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जल्द ही दिल्ली में जगह-जगह फायर वाहन पीसीआर की तरह तैनात किए जाएंगे। इससे आग की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री के सहयोग से विभाग के जवानों में नया जोश देखने को मिल रहा है।

डीएफएस निदेशक ने आग की शुरुआती अवस्था में नियंत्रण को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अगर आग छोटी अवस्था में बुझा दी जाए तो बड़ा हादसा टाला जा सकता है। इसी सोच के साथ विभाग फुर्ती से कार्रवाई करने के लिए विशेष वाहन तैनात कर रहा है। उन्होंने बताया कि 24 नई फायर गाड़ियां खरीदी जा चुकी हैं और जल्द ही नई तकनीक आधारित वाहन भी फ्लीट में शामिल होंगे। विभाग का उद्देश्य है कि आग की सूचना मिलते ही वाहन तत्काल मौके पर पहुंचे और नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दिल्ली फायर सर्विस के जवानों में भी खासा उत्साह देखा गया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद करते हुए अपनी जरूरतें और सुझाव भी साझा किए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए दमकल विभाग को हरसंभव समर्थन दिया जाएगा। दौरे ने न केवल अग्निशमन विभाग का मनोबल बढ़ाया बल्कि दिल्ली के नागरिकों को भी आग की घटनाओं से सुरक्षा के लिए एक मजबूत संदेश दिया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।