रजिस्ट्री न होने और EMI के बोझ से परेशान लोगों ने लगाई इंसाफ की गुहार | सुपरटेक गोल्फ कंट्री होम बायर्स
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (20 अप्रैल 2025): सुपरटेक गोल्फ कंट्री प्रोजेक्ट के हजारों होम बायर्स ने रविवार को बिल्डर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज खरीदारों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की मांग की। प्रदर्शन स्थल पर गूंजते नारों में उनकी वर्षों की पीड़ा साफ झलक रही थी।
करीब 3 हजार से अधिक खरीदार, जिन्होंने अपनी कमाई इस प्रोजेक्ट में निवेश की थी, अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। वर्षों से बैंक की ईएमआई भरते हुए भी न तो उन्हें पूर्ण पजेशन मिला है और न ही संपत्ति की रजिस्ट्री हो सकी है। कुछ लोगों को आंशिक रूप से फ्लैट मिले हैं, लेकिन रजिस्ट्री न होने के कारण वे उसमें निर्माण कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जब वे अपनी समस्याओं को लेकर बिल्डर कार्यालय जाते हैं, तो वहां उनके साथ बदसलूकी की जाती है। बिल्डर की उदासीनता और वित्तीय अनियमितताओं का खामियाजा अब आम जनता भुगत रही है।
बिल्डर द्वारा पंजाब एंड सिंध बैंक का बकाया भुगतान न करने के चलते मामला नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) तक पहुंचा। एनसीएलटी ने इस मामले में इंसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल (IRP) की नियुक्ति की है। नियुक्त IRP के एडवोकेट उमेश सिंघल स्वयं प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और खरीदारों से संवाद किया।
उन्होंने बताया कि अभी तक 947 होम बायर्स ने क्लेम फॉर्म जमा किया है। उन्होंने सभी खरीदारों से फॉर्म C(A) भरने की अपील की, जिससे कोर्ट में उनकी भागीदारी और वोटिंग प्रतिशत बढ़ सके। यह प्रक्रिया बायर्स को बिल्डर की दिवालियापन प्रक्रिया में अधिक प्रभावी रूप से शामिल करेगी।
एडवोकेट सिंघल ने बायर्स को कानूनी सहायता का आश्वासन दिया और कहा कि प्रोजेक्ट साइट पर प्रत्येक सप्ताह दो दिन विशेष कानूनी सलाह कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे अन्य बायर्स को भी अपने अधिकारों और प्रक्रियाओं की जानकारी मिल सके।प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि वे शांतिपूर्वक अपना अधिकार मांग रहे हैं और सरकार से उम्मीद करते हैं कि उन्हें न्याय मिलेगा। अब देखना यह है कि सरकार और न्यायपालिका इस मामले में कैसे और कितनी जल्दी हस्तक्षेप करती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।