नेशनल हेराल्ड चार्जशीट पर कांग्रेस का प्रदर्शन, “चोर मचाए शोर”: वीरेन्द्र सचदेवा
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (16 अप्रैल 2025): नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दाखिल चार्जशीट को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा देशभर में किए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन ठीक उसी कहावत जैसा है “चोर मचाए शोर।”
सचदेवा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पहले नेशनल हेराल्ड के जरिए वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया और अब जब वे जांच के दायरे में आ चुके हैं, तो वे न्यायिक प्रक्रिया का सामना करने की बजाय राजनीतिक रंग देकर सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मामला किसी प्रकार की राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई नहीं है, बल्कि स्वयं कांग्रेस शासनकाल के दौरान, एक व्यक्ति द्वारा 2012 में दायर याचिका के आधार पर शुरू हुई कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने तर्क दिया कि यदि यह मामला झूठा या कमजोर होता तो 2012 से 2014 तक जब केंद्र में गांधी परिवार का अप्रत्यक्ष नियंत्रण था, तब इस मामले को बंद करवाया जा सकता था। लेकिन ऐसा नहीं हो सका, क्योंकि मामला तथ्यात्मक और गंभीर था।
उन्होंने आगे कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी जिस कानूनी जाल में फंसे हैं, वह उनके अपने लालच और वित्तीय अनियमितताओं का परिणाम है। आज अगर वे और उनके सहयोगी जमानत पर बाहर हैं, और शीघ्र ही उन्हें पीएमएलए (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) के तहत भी जमानत लेनी पड़ सकती है, तो इसका कारण भाजपा सरकार का कोई दबाव नहीं, बल्कि पिछले 13 वर्षों से चल रही निष्पक्ष न्यायिक जांच है।
सचदेवा ने यह भी आरोप लगाया कि गांधी परिवार और उनके करीबी लोगों ने हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के योगदान से बनी ‘नेशनल हेराल्ड’ की संपत्ति को निजी कंपनी बनाकर हड़प लिया। उन्होंने इसे न केवल भ्रष्टाचार का मामला बताया, बल्कि ‘आमानत में खयानत’ की संज्ञा भी दी।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज जब गांधी परिवार भ्रष्टाचार के घेरे में है, तब वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ढाल बनाकर सड़कों पर उतार रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस पूरे प्रकरण पर भाजपा का यह कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है और कांग्रेस को चाहिए कि वह इसे राजनीतिक मुद्दा न बनाकर न्यायिक प्रक्रिया का सामना ईमानदारी से करे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।