नई दिल्ली (14 अप्रैल 2025): दिल्लीवासियों के लिए एक नई सौगात की तैयारी हो रही है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) राजधानी के यमुना डूब क्षेत्र में 916.7 एकड़ में फैला ‘मयूर प्रकृति पार्क’ विकसित करने जा रहा है। यह परियोजना यमुना के 22 किलोमीटर लंबे डूब क्षेत्र में फैलेगी और इसके विकास पर करीब 136.8 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह पार्क यमुना वाटिका और अमृत पार्क के बाद इस क्षेत्र में डीडीए की तीसरी और सबसे बड़ी परियोजना होगी। अक्टूबर 2026 तक इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य है।
मयूर पार्क को खासतौर पर प्रकृति प्रेमियों और परिवारों के लिए एक आदर्श पिकनिक डेस्टिनेशन के रूप में तैयार किया जा रहा है। पार्क की योजना को आठ से नौ विशिष्ट क्षेत्रों में बांटा गया है, जहां अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें बहुउद्देश्यीय खुले क्षेत्र, योग और ध्यान केंद्र, बाहरी व्यायाम स्थल, मूर्तिकला कोर्ट और जलाशय शामिल होंगे। इसके अलावा, बच्चों और युवाओं के लिए एक्टिविटी लॉन और साइक्लिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
इस पार्क को शहर की अन्य6 महत्वपूर्ण परियोजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर और दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन से इसका सीधा कनेक्शन होगा, जिससे यहां आना-जाना आसान रहेगा। पार्क के भीतर साइकिल स्टेशन, पक्षियों को देखने के लिए बनाए गए विशेष पथ और अवलोकन मंच भी तैयार किए जाएंगे। इससे पर्यावरण जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मयूर प्रकृति पार्क न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल है, बल्कि यह दिल्ली के लोगों के लिए एक ताज़गीभरा अनुभव भी प्रदान करेगा। यहां विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां और प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। साथ ही, पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रम और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए यह एक आदर्श स्थल बनेगा। पार्क के निर्माण से राजधानी को एक खूबसूरत और टिकाऊ हरित क्षेत्र की सौगात मिलने जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।