नोएडा फिल्म सिटी का इसी महीने होगा शिलान्यास, जानें पूरी डिटेल्स

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (11 अप्रैल 2025): नोएडा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म सिटी का शिलान्यास इसी महीने होने की संभावना है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने के लिए इंटरचेंज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, साथ ही 130 मीटर चौड़ी संपर्क सड़क पर भी काम जारी है।

फिल्म सिटी के शिलान्यास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, दोनों नेताओं की उपस्थिति को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। फिल्म निर्माता बोनी कपूर पहले ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कार्यक्रम के लिए समय मांग चुके हैं। यदि प्रधानमंत्री का समय नहीं मिल पाता है, तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अप्रैल में खुद शिलान्यास कर सकते हैं।

230 एकड़ में विकसित होगा पहला चरण, कुल 1,000 करोड़ होंगे खर्च

फिल्म सिटी को कुल 1,000 एकड़ में विकसित किया जाना है। इसमें पहले चरण में 230 एकड़ और दूसरे चरण में 670 एकड़ जमीन शामिल होगी। फरवरी में ही यीडा प्राधिकरण ने विकासकर्ता कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (Boney Kapoor की कंपनी) और भूटानी ग्रुप को ज़मीन का कब्जा सौंप दिया था। दिसंबर में सौंपे गए लेआउट प्लान को प्राधिकरण ने हाल ही में स्वीकृति दे दी है। 230 एकड़ के पहले चरण में 155 एकड़ क्षेत्र में फिल्म से संबंधित औद्योगिक गतिविधियों का विकास होगा, जबकि शेष 75 एकड़ में व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

फिल्म सिटी में विकसित होंगे चार ज़ोन, व्यवसायिक गतिविधियां होंगी तीन ज़ोन में

सेक्टर-21 में विकसित हो रही यह फिल्म सिटी चार ज़ोन में विभाजित होगी—जिसमें फिल्म निर्माण से जुड़े भवन, ग्रीन बेल्ट, आंतरिक सड़कें और तकनीकी सुविधाएं शामिल होंगी। वहीं व्यवसायिक गतिविधियों के लिए तीन ज़ोन निर्धारित किए गए हैं। इनमें थीम पार्क, एम्यूजमेंट पार्क, पांच व सात सितारा होटल, शॉपिंग सेंटर, डिज्नीलैंड जैसी मनोरंजन सुविधाएं, विश्वविद्यालय व प्रशिक्षण केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

विशेष बात यह है कि यह फिल्म सिटी यमुना एक्सप्रेसवे के बिल्कुल किनारे विकसित की जा रही है, जिससे एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले यात्रियों को भी इसका विहंगम दृश्य देखने को मिलेगा।

पहले होंगे फिल्म शूटिंग से जुड़े निर्माण कार्य

प्राधिकरण और विकासकर्ता कंपनी के बीच हुए अनुबंध के अनुसार, सबसे पहले फिल्म शूटिंग से संबंधित बुनियादी ढांचे—जैसे स्टूडियो, पोस्ट-प्रोडक्शन हाउस, एडिटिंग लैब आदि—का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद व्यवसायिक गतिविधियों और सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना न केवल राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देगी, बल्कि इससे हजारों रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बन रही यह फिल्म सिटी आने वाले वर्षों में उत्तर भारत का प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र बनकर उभरेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।