दिल्ली MCD आयुक्त अश्विनी कुमार पर AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने लगाए गंभीर आरोप!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11 अप्रैल 2025): आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली नगर निगम को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के आयुक्त अश्विनी कुमार जनता को दी जा रही राहत योजनाओं को लागू नहीं कर रहे हैं और भाजपा के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि हाल ही में दिल्ली नगर निगम का बजट पास हुआ था, जिसमें 100 गज से कम की प्रॉपर्टी पर टैक्स माफ और 100 से 500 गज की प्रॉपर्टी पर टैक्स हाफ करने का ऐलान किया गया था। लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निगम आयुक्त ने बिना मेयर की जानकारी के यूसेज टैक्स और कमर्शियल चार्जेज बढ़ा दिए। इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने कड़ा ऐतराज़ जताया है। भारद्वाज ने कहा, “आज दिल्ली के मेयर महेश खींची ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और मांग की है कि अश्विनी कुमार को तुरंत हटाया जाए।”

उन्होंने यह भी कहा कि यदि गृह मंत्रालय की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो आप पार्टी खुद कदम उठाएगी और निगम में चुने हुए पार्षद अपने तरीके से जवाब देंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद दिल्ली के मेयर महेश खींची ने कहा, “दिल्ली की जनता पहले से ही महंगाई और कर्ज के बोझ से परेशान है, ऊपर से नए टैक्स लगाए जा रहे हैं। भाजपा ने महिलाओं को ₹2500 और होली पर फ्री गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ।” दोनों नेताओं ने साफ किया कि निगम आयुक्त को हटाने तक संघर्ष जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।