26/11 का गुनहगार तहव्वुर राणा NIA की गिरफ्त में, 18 दिन की कस्टडी में होगी कड़ी पूछताछ

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11 अप्रैल 2025): 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया। उसे गुरुवार शाम दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंचते ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे पटियाला हाउस स्थित विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 18 दिन की NIA हिरासत में भेज दिया।

NIA अब राणा से पूछताछ कर पूरी साजिश की परतें खोलने की कोशिश करेगी। राणा से पूछताछ शुक्रवार सुबह 10 बजे शुरू होगी। सूत्रों के मुताबिक, NIA की एक विशेष टीम जिसमें SP और DSP रैंक के अधिकारी शामिल होंगे, उससे सवाल-जवाब करेगी। पूरी पूछताछ CCTV कैमरों की निगरानी में होगी।

राणा को अमेरिका से भारत लाने में कई साल लगे। उसने प्रत्यर्पण से बचने के लिए अमेरिका की अलग-अलग अदालतों में याचिकाएं डाली थीं, लेकिन सभी को खारिज कर दिया गया। यहां तक कि अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट में लगाई गई अर्ज़ी भी रद्द कर दी गई।

NIA ने अमेरिका की FBI, USDoJ और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर लंबे समय से काम किया, जिसके बाद भारत के विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से यह बड़ा ऑपरेशन पूरा हुआ।

2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमलों में 166 लोगों की मौत और 238 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। तहव्वुर राणा को अब भारत लाकर इस भयानक हमले की साजिश से जुड़े सारे राज उगलवाने की तैयारी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।