सीएम योगी से मिले दादरी विधायक तेजपाल नागर, विस्तार से हुई चर्चा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (8 अप्रैल 2025): दादरी विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर दादरी विधायक तेजपाल नागर ने सोमवार, 7 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई अहम विषयों पर मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया और जरूरी सुझाव भी दिए।

विधायक तेजपाल नागर ने इस मुलाकात की जानकारी अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा की। उन्होंने लिखा कि प्रदेश के यशस्वी, राष्ट्रनायक और जनप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर दादरी विधानसभा क्षेत्र के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विधायक ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने मुख्यमंत्री को 9 मांगों का एक पत्र सौंपा था, जिनमें से 4 मांगों को शासन ने त्वरित रूप से स्वीकृति प्रदान करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए उन्होंने क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का हृदय से आभार प्रकट किया।

विधायक ने आगे कहा कि शेष 3 मांगें ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण (GNIDA) से संबंधित हैं, जिनका निस्तारण अभी शेष है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि संबंधित प्राधिकरण को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि इन मांगों का भी शीघ्र समाधान हो सके।

तेजपाल नगर ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और राज्य सरकार का समर्पित प्रयास ही है कि जनता को विकास के हर लाभ से जोड़ा जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण मुलाकात को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। जनता को उम्मीद है कि इससे दादरी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विकास को और गति मिलेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।