DSEU में फीस वृद्धि और सुविधाओं की कमी के खिलाफ छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, VC के इस्तीफे की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (07 अप्रैल, 2025): दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी (DSEU) के छात्रों ने फीस में भारी वृद्धि, मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्रशासन के तानाशाही रवैये के खिलाफ ओखला कैंपस में तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलन का नेतृत्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कर रही है।

छात्रों का कहना है कि प्रशासन ने वर्तमान सत्र में फीस में भारी इजाफा किया है। पहले जहां फीस लगभग 1,34,000 रुपये थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 1,76,000 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा, छात्रों पर विभिन्न प्रकार के फाइन भी लगाए जा रहे हैं, जबकि कैंपस में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। कई छात्रों ने आरोप लगाया है कि यूनिवर्सिटी में फंड के हेरफेर के भी संकेत हैं, लेकिन कोई पारदर्शिता नहीं दिखाई जा रही।

इस मुद्दे को लेकर छात्रों ने कई बार प्रशासन से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बार-बार नजरअंदाज किया गया। छात्रों का आरोप है कि जब भी वे अपनी बात रखने जाते हैं, तो उन्हें निष्कासन की धमकी दी जाती है। मजबूर होकर अब छात्र ओखला कैंपस पर धरने पर बैठ गए हैं और तालाबंदी कर दी है। उनका साफ कहना है कि जब तक फीस में की गई वृद्धि को वापस नहीं लिया जाता और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

छात्रों ने जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज के डायरेक्टर और DSEU की वाइस चांसलर के इस्तीफे की मांग की है। उनका कहना है कि छात्रहितों की लगातार अनदेखी करने वाले अधिकारियों को इस पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

धरने में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हैं और पूरे परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि वे VC ऑफिस तक मार्च करेंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।