IGI एयरपोर्ट पर स्मार्ट पुलिस बूथ की शुरुआत, यात्रियों को मिलेगी हाईटेक सुविधा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (06 अप्रैल 2025): दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के टर्मिनल-3 पर ‘स्मार्ट पुलिस बूथ’ का उद्घाटन किया। इस आधुनिक बूथ का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षा के साथ-साथ सुविधाजनक और तकनीकी रूप से सक्षम सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस पहल से न केवल हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि नागरिकों को पुलिस से जुड़ी कई जरूरी सेवाएं भी एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
इस उद्घाटन समारोह में दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा, आईजीआई एयरपोर्ट के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त उमाशंकर बिश्नोई समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उपराज्यपाल ने कहा कि यह स्मार्ट बूथ दिल्ली पुलिस की तकनीकी प्रगति का प्रतीक है, जो आने वाले समय में स्मार्ट और डिजिटल भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने इसे पुलिसिंग का नया और आधुनिक मॉडल बताया।
स्मार्ट पुलिस बूथ में यात्रियों के लिए कई उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से रियल-टाइम जानकारी, ई-एफआईआर की सुविधा, 24/7 सहायता, और अत्याधुनिक तकनीक जैसे सीसीटीवी निगरानी, वाई-फाई, कंप्यूटर और इंटरनेट से जुड़ा इंटरफेस शामिल है। यात्री अब खोए हुए सामान या लापता व्यक्ति की रिपोर्ट भी सीधे इस बूथ पर दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए ई-एफआईआर का प्रिंट भी तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा।
यह बूथ चौबीसों घंटे तैनात पुलिस कर्मियों के माध्यम से यात्रियों को सहायता प्रदान करेगा। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित संपर्क और सुरक्षा अलर्ट जैसी सेवाएं भी मिलेगी। उपराज्यपाल ने इसे दिल्ली में शुरू हो रहे स्मार्ट पुलिसिंग मॉडल का पहला उदाहरण बताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे और बूथ स्थापित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को पुलिस से जुड़े कार्यों के लिए बार-बार थाने न जाना पड़े।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।