दिल्ली में कांग्रेस से गठबंधन का सवाल नहीं, 2025 का चुनाव ‘आप’ अकेले लड़ेगी: अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11 दिसंबर 2024): आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव पार्टी अपने दम पर लड़ेगी और जनता के भरोसे पर फिर से जीत दर्ज करेगी।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “दिल्ली में आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।”

पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने भी इन अटकलों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा, “पिछले तीन चुनावों में ‘आप’ ने भाजपा को बुरी तरह से हराया है। 2015 में हमने 67 सीटें जीती थीं और 2020 में 62 सीटें। इस बार भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि जब 2014 में नरेंद्र मोदी हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में जीतकर आए थे, तब दिल्ली की जनता ने 2015 में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत दिया था। उन्होंने विश्वास जताया कि 2025 में भी ‘आप’ अपने काम के आधार पर जीत हासिल करेगी।

पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता और सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “आम आदमी पार्टी 2025 का चुनाव अपनी राजनीतिक ताकत, संगठन और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में लड़ेगी। कांग्रेस या किसी अन्य दल के साथ गठबंधन का सवाल ही नहीं उठता।”

उन्होंने कहा कि ‘आप’ पिछले तीन चुनावों में अकेले लड़ी, जीती और सरकार चलाई। इस बार भी पार्टी जनता के मुद्दों और अपने काम के बल पर चुनाव लड़ेगी।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के इस स्पष्ट रुख से यह साफ हो गया है कि पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन की अफवाहों पर विराम लगा चुकी है। 2025 का चुनाव ‘आप’ अपने रिकॉर्ड, नेतृत्व और संगठन के बलबूते पर लड़ेगी।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।