नई दिल्ली (04 अप्रैल 2025): दिल्ली में बढ़ती बिजली कटौती को लेकर सियासी घमासान मचा है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने जहां सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़कों पर प्रदर्शन किया, वहीं ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने पलटवार करते हुए आंकड़ों के साथ AAP को कठघरे में खड़ा किया। सूद ने पूर्व ऊर्जा मंत्री आतिशी पर गलतबयानी और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
AAP के आरोप और सड़कों पर प्रदर्शन
गर्मी की शुरुआत के साथ ही राजधानी दिल्ली में बिजली कटौती की शिकायतें सामने आने लगी हैं। AAP ने गुरुवार को ITI, कालकाजी, आईएसबीटी और बुराड़ी समेत कई इलाकों में “भाजपा आई, बिजली गई” के नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने सरकार पर दिल्लीवासियों को अंधेरे में धकेलने का आरोप लगाया।
आशीष सूद का पलटवार: आंकड़ों के साथ जवाब
ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर AAP पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में आम आदमी पार्टी की सरकार ने 2.17 लाख बार एक घंटे के लिए बिजली काटी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि AAP के शासनकाल में 51,958 बार पांच घंटे से अधिक की बिजली कटौती हुई, यानी औसतन रोजाना 14 बार। सूद ने कहा, “आतिशी मार्लेना मेरे सवालों से बच रही हैं। मैंने विधानसभा में जिम्मेदारी से बताया कि 2.17 लाख बार बिजली गई, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।”
पिछले वर्षों की बिजली कटौती के आंकड़े:
2015: 7,160 बार (5 घंटे से अधिक)
2016: 8,659 बार
2017: 7,301 बार
2018: 6,265 बार
2024: 3,907 बार
इसके साथ ही सूद ने 23 मई 2023 की एक बैठक का हवाला देते हुए कहा कि खुद उस समय के ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने लंबी बिजली कटौती पर चिंता जताई थी।
ऊर्जा मंत्री की चेतावनी और तैयारियां
आशीष सूद ने झूठी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार महज 40-42 दिन पुरानी है, फिर भी ट्रांसफॉर्मर बदलने और लोड बैलेंसिंग की योजनाएं तेजी से लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस बार गर्मियों में बिजली की मांग 9200 मेगावाट तक पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए सरकार तैयार है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और जनता के बीच बेचैनी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी AAP पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा, “इन्हीं लोगों ने 2013 में भी सत्ता पाने के लिए झूठ बोला था। आज फिर वही तरीका अपनाया जा रहा है।” बिजली संकट को लेकर आम जनता के बीच बेचैनी बढ़ती जा रही है, जबकि दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त हैं। अब देखना होगा कि इस गर्मी में दिल्लीवासियों को राहत मिलेगी या यह सियासी टकराव और तेज़ होगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।