दिल्ली में बिजली कटौती पर पोस्टर वार, AAP ने क्या पोस्टर लगाए?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03 अप्रैल 2025): दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच राजनीतिक टकराव एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। AAP ने राजधानी में कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पोस्टर लगाकर बीजेपी सरकार पर बिजली संकट का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि बीजेपी के सत्ता में आते ही दिल्ली में बड़े पैमाने पर पावर कट होने लगे हैं, जिससे जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आम आदमी पार्टी ने अपने पोस्टरों में लिखा है “भाजपा आई, बिजली गई”, जिससे यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि बीजेपी सरकार के आने के बाद बिजली कटौती का दौर वापस लौट आया है। AAP का आरोप है कि दिल्ली में इन्वर्टर और जनरेटर का दौर फिर से शुरू हो गया है और लोग गर्मी में बेहाल हैं। इन पोस्टरों को दिल्ली के प्रमुख स्थानों जैसे आईआईटी दिल्ली, आईटीओ, कश्मीरी गेट,देवली और द्वारका में लगाया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुंच सके।

AAP का कहना है कि उनकी सरकार के दौरान बिजली संकट जैसी कोई समस्या नहीं थी, लेकिन अब भाजपा सरकार बनते ही राजधानी में लंबी-लंबी बिजली कटौती हो रही है। पार्टी ने दावा किया कि लोग सड़कों पर उतरकर इस समस्या के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। AAP ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार बिजली कंपनियों के साथ मिलीभगत कर रही है, जिससे दिल्ली में बिजली संकट गहराता जा रहा है।

आम आदमी पार्टी ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे बिजली संकट के खिलाफ आवाज उठाएं और सरकार से जवाब मांगें। पार्टी का कहना है कि बिजली संकट केवल लापरवाही का नतीजा नहीं है, बल्कि यह बीजेपी सरकार की असफलता को दर्शाता है। AAP नेताओं ने कहा कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो पार्टी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगी और इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जाएगा।

दिल्ली की राजनीति में यह पोस्टर वार नए सियासी विवाद को जन्म दे सकता है। हालांकि दिल्ली सरकार ने विधानसभा में यह बात स्पष्ट कर दिया है कि गर्मी के दिनों में बिजली कटौती को तथा अन्य जर्जर तारों को बदलने के लिए बिजली में कटौती करनी पड़ रही है ताकि आने वाले दिनों में दिल्ली वालों को किसी भी बिना बाधा के बिजली की आपूर्ति निरंतर किया जा सके। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि AAP और BJP के बीच इस राजनीतिक संघर्ष का क्या नतीजा निकलता है और क्या दिल्लीवासियों को बिजली संकट से राहत मिलेगी या नहीं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।