Delhi Election: केजरीवाल की पहली बड़ी गारंटी, ऑटो चालकों के लिए बड़ा ऐलान!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (11 दिसंबर, 2024): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनावी माहौल में ऑटो चालकों को ध्यान में रखते हुए उनकी भलाई के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। केजरीवाल ने इसे अपनी पहली गारंटी बताते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार फिर से बनी, तो ऑटो चालकों के लिए ये वादे पूरे किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ऑटो चालकों का 10 लाख रुपये तक का इंश्योरेंस कराएगी। यह योजना किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में ऑटो चालकों और उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा देगी। इसके अलावा, ऑटो चालकों की बेटियों की शादी में 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

ऑटो चालकों की वर्दी के खर्चे के लिए भी केजरीवाल ने राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि साल में दो बार ऑटो चालकों के बैंक खातों में 2500 रुपये भेजे जाएंगे। इसके अलावा, उनके बच्चों की कोचिंग का खर्च भी सरकार उठाएगी, ताकि उनके बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।

केजरीवाल ने बताया कि “पूछो ऐप” को फिर से शुरू किया जाएगा। इस ऐप के जरिए दिल्ली में यात्री और ऑटो चालक आसानी से जुड़ पाएंगे, जिससे उनकी आमदनी में बढ़ोतरी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हमेशा से ऑटो चालकों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनकी समस्याओं को हल करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। केजरीवाल के इन ऐलानों से चुनावी माहौल में ऑटो चालकों के बीच एक नई उम्मीद जगी है। अब देखना यह होगा कि ये गारंटी उनके पक्ष में कितना प्रभाव डालती है।

टिप्पणियाँ बंद हैं।