चैत्र नवरात्रि एवं नव संवत्सर पर सीएम योगी की शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि की कामना
टेन न्यूज नेटवर्क
लखनऊ, (30 मार्च 2025): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा सम्वत्-2082 से प्रारंभ हो रहे भारतीय नव वर्ष (नव संवत्सर) एवं चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह पर्व जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और शक्ति का संचार करता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि चैत्र नवरात्रि शक्ति और प्रकृति की उपासना का पर्व है, जिसमें उपवास, प्रार्थना और ध्यान का विशेष महत्व होता है। उन्होंने बताया कि बसंती नवरात्रि की प्रतिपदा से ही नववर्ष के पंचांग की गणना प्रारंभ होती है और इसी समय ऋतु परिवर्तन भी होता है, जिससे यह पर्व धार्मिक, आध्यात्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से तो महत्वपूर्ण है ही, साथ ही वैज्ञानिक दृष्टि से भी इसका विशेष महत्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें एक नई उमंग और नए उत्साह से भर देता है। यह पर्व समाज एवं राष्ट्र के प्रति रचनात्मक सोच को उत्पन्न करने का भी कार्य करता है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि शक्ति का अनुष्ठान केवल भक्ति तक सीमित न रहे, बल्कि इसे रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्यों के प्रति भी समर्पित किया जाए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के इस पावन अवसर पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि वे समाज और देश की उन्नति में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से नवरात्रि के दौरान नियमों का पालन करने और शांति व सौहार्द बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने इस पर्व को आत्मशुद्धि, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं और माता रानी से समस्त प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।