अब मेट्रो खंभों पर नहीं लगेंगे पोस्टर और होर्डिंग, CM रेखा गुप्ता ने दिए सख्त निर्देश
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (26 मार्च 2025): दिल्ली में मेट्रो खंभों, फ्लाईओवर और फुटओवर ब्रिज को साफ-सुथरा रखने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक कड़ा कदम उठाया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि अब मेट्रो के खंभों पर किसी भी तरह के पोस्टर और होर्डिंग्स लगाने की अनुमति नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि सरकारी और गैर-सरकारी दोनों तरह के पोस्टर खंभों पर चिपके हुए थे, जिससे शहर की सुंदरता बिगड़ रही थी। उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सभी पोस्टर हटाने के आदेश दिए और जनता से भी सहयोग की अपील की।
निरीक्षण के दौरान CM रेखा गुप्ता ने खुद कई पोस्टर अपने हाथों से हटाए और कहा कि किसी को भी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मेट्रो के खंभे दिल्ली की खूबसूरती का प्रतीक हैं और इन्हें साफ-सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अनुरोध किया कि वे सरकारी संपत्तियों पर पोस्टर और होर्डिंग न लगाएं, क्योंकि यह शहर की स्वच्छता और सौंदर्य को प्रभावित करता है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अब से मेट्रो के पिलर, फ्लाईओवर और सार्वजनिक स्थानों पर कोई भी दीवार लेखन या पोस्टर चिपकाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सरकार के इस अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा, “अगर हमें अपने शहर को साफ और आकर्षक बनाना है, तो यह बदलाव हमें अपने घरों से शुरू करना होगा। जब हर नागरिक इस जिम्मेदारी को अपनाएगा, तब दिल्ली वास्तव में सुंदर और स्वच्छ बनेगी।”
रेखा गुप्ता ने अपने बयान में सरकारी संपत्ति को गंदा करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में कोई भी व्यक्ति मेट्रो पिलर्स, फ्लाईओवर या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर चिपकाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल में अगर कभी सरकारी संपत्ति पर पोस्टर या होर्डिंग लगवाए गए हों, तो इसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी और कहा कि अब समय आ गया है कि दिल्ली को पोस्टर मुक्त और स्वच्छ बनाया जाए।
मुख्यमंत्री की इस पहल को स्वच्छ दिल्ली अभियान का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार जल्द ही इस आदेश को लागू करने के लिए सख्त नियम बनाने पर विचार कर रही है। अब देखना होगा कि दिल्लीवासी इस अभियान में कितना सहयोग देते हैं और क्या राजधानी को पोस्टर और होर्डिंग मुक्त करने की यह कोशिश सफल हो पाती है या नहीं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।