दिल्ली बजट 2025-26 का खाका तैयार: सीएम रेखा गुप्ता ने बता दिया, बजट में क्या है खास?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 मार्च, 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज शनिवार को ‘विकसित दिल्ली बजट 2025-26’ को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, “सरकार बनने के बाद विकसित दिल्ली बनाना हमारा उद्देश्य है। लोगों का जीवन स्तर सुधारना हमारी प्राथमिकता है।”

CM गुप्ता ने बताया कि इस बजट को जनता के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा, “हमने इसके सुझाव के लिए 3 मार्च को ईमेल आईडी और व्हाट्सएप नंबर जारी किया था।” इसके बाद ईमेल से 3,303 और व्हाट्सएप से 6,982 सुझाव प्राप्त हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने शिक्षाविदों, व्यापारियों, किसानों, विधायकों, झुग्गीवासियों, छात्रों, सांसदों, उद्यमियों और पार्षदों से जनसंवाद किया। यह सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता का बजट होगा। किसी भी क्षेत्र का व्यक्ति इससे अछूता नहीं रहेगा।”

उन्होंने कहा कि यह बजट राजधानी में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। “दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं का ध्यान रखा गया है, साधारण नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है,” उन्होंने कहा।

रेखा गुप्ता ने कहा कि 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी सरकार बनी है और यह पहला बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह बजट विशिष्ट दिल्ली के लिए होगा।”

इसके साथ ही, उन्होंने बजट सत्र की शुरुआत को लेकर बताया, “सोमवार सुबह 9 बजे दिल्ली विधानसभा में ‘खीर सेरेमनी’ का आयोजन किया जाएगा। यहां से डबल इंजन सरकार का काम आपको नेक्स्ट गियर में होता हुआ दिखाई देगा।”

दिल्ली विधानसभा में 24 मार्च से बजट सत्र शुरू होगा, जहां ‘विकसित दिल्ली बजट’ पेश किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।