किसान सशक्त हों किसी के सामने हाथ न फैलाएं, सरकार का यही उद्देश्य है: सीएम योगी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (09 दिसंबर, 2024): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार का उद्देश्य है कि किसान आत्मनिर्भर बनें और किसी के सामने हाथ न फैलाएं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद किसानों के नाम पर कई बार राजनीति हुई, लेकिन किसान सशक्तिकरण की दिशा में ईमानदारी से काम 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम मोदी ने मृदा परीक्षण कार्ड, पीएम कृषि बीमा योजना और पीएम कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाओं की शुरुआत की। उत्तर प्रदेश में पिछले सात वर्षों में 23 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा देकर किसानों की आय बढ़ाई गई। किसानों को लागत का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य दिया गया।
उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत यूपी के 2.62 करोड़ किसानों को लाभ मिला। राज्य सरकार ने 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का ऋण माफ किया। 14 लाख किसानों के निजी ट्यूबवेल की बिजली माफ की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी के पास देश की 11% कृषि योग्य भूमि है, लेकिन यहां देश का 20% से अधिक खाद्यान्न उत्पादन होता है। अगर किसानों को सही संसाधन और तकनीक मिले, तो यह उत्पादन तीन गुना तक बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि यूपी का किसान आज इतना सक्षम है कि वह अकेले देश और दुनिया का पेट भर सकता है।
सीएम योगी ने किसानों को आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से प्रति एकड़ 12 से 15 हजार रुपये की बचत हो सकती है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 किसानों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसान सशक्त बनेंगे, तो प्रदेश और देश आत्मनिर्भर बनेगा।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।