मोदी जी की गारंटी या जुमला?, दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए कब मिलेंगे: आतिशी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, (20 मार्च 2025): दिल्ली में भाजपा सरकार को एक महीना हो गया है, लेकिन महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह गारंटी कब पूरी होगी?
8 मार्च आकर चला गया, लेकिन महिलाओं को पैसा नहीं मिला
आतिशी ने कहा कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वादा किया था कि भाजपा सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी मिलेगी और 8 मार्च को महिलाओं के खाते में 2500 रुपए आ जाएंगे। लेकिन न तो स्कीम लागू हुई और न ही रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस योजना को ठंडे बस्ते में डालने के लिए कमेटी बनाकर समय बर्बाद कर रही है।
भाजपा सरकार से आतिशी के 4 सवाल
1. क्या 18 साल से अधिक उम्र की सभी 48 लाख महिलाओं को 2500 रुपए मिलेंगे, या इतनी शर्तें लगाई जाएंगी कि केवल कुछ ही महिलाओं को लाभ मिलेगा?
2. भाजपा सरकार की कमेटी बने 12 दिन हो गए, अब तक क्या फैसला लिया गया?
3. 2500 रुपए महीना पाने के लिए रजिस्ट्रेशन कब से शुरू होगा?
4. दिल्ली की महिलाओं के खाते में पैसे कब आएंगे?
भाजपा सिर्फ ‘आप’ और केजरीवाल को दे रही गालियां
आतिशी ने कहा कि भाजपा सरकार को काम करने के बजाय सिर्फ आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को गाली देने में दिलचस्पी है। विधानसभा सत्र में भी भाजपा ने कोई एक्शन प्लान या टाइमलाइन नहीं दी। उन्होंने मांग की कि दिल्ली सरकार जल्द से जल्द इस योजना को लागू करे और महिलाओं को उनका हक दिया जाए।
दिल्ली की महिलाएं अब भाजपा सरकार से जवाब चाहती हैं कि मोदी जी की यह गारंटी सच थी या महज एक चुनावी जुमला?
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।