पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के जन्मदिवस पर रेखा गुप्ता ने क्या संकल्प लिया

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15 मार्च 2025): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भावुक संबोधन दिया। उन्होंने अपने संबोधन में साहिब सिंह वर्मा के योगदान को याद किया और कहा कि वे हमेशा से उनके आदर्श रहे हैं। इस दौरान रेखा गुप्ता ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा, “सौभाग्य है कि उनकी बेटी सीएम है और बेटा मंत्री है। ये उल्टा भी हो सकता था मैं मंत्री और प्रवेश सीएम। लेकिन हमारी परंपरा रही है कि कोई भी चीज बड़ी बेटी को पहले दी जाती है।”

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली में विकास कार्यों की असली गति साहिब सिंह वर्मा के कार्यकाल में ही देखी गई थी। उन्होंने उनके समय में हुए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे और प्रवेश वर्मा उनके अधूरे कार्यों को पूरा करें। उन्होंने कहा, “बचपन से ही साहिब सिंह वर्मा जी का मुझे आशीर्वाद मिला है। आज जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है और शालीमार बाग से विधायक को मुख्यमंत्री बनाया गया है, तो यह कहानी वहीं से शुरू हुई है। पहले साहिब सिंह वर्मा सीएम थे और अब रेखा गुप्ता।”

अपने व्यक्तिगत संबंधों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वे और प्रवेश वर्मा एक ही स्कूल में पढ़े हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने शुरू से ही देखा है कि कैसे साहिब सिंह वर्मा ने अपनी राजनीतिक यात्रा पार्षद से मुख्यमंत्री तक तय की थी। हमने नाली बनवाने से लेकर विधानसभा तक पहुंचने का उनका संघर्ष देखा है और यही हमें प्रेरित करता है।

रेखा गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि वे हमेशा साहिब सिंह वर्मा की विचारधारा को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा कि वे एक ऐसे नेता बनना चाहती हैं, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुलझाए। मैं सोचती हूं कि मुझे कैसा नेता बनना चाहिए, तो मैं उनके जैसा ही नेता बनना चाहती हूं।

इस कार्यक्रम में भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे, जिन्होंने साहिब सिंह वर्मा को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को सराहा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा ने इस अवसर पर यह भी संकल्प लिया कि वे अपने पिता के सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।।



प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।