FSSAI के स्पष्टीकरण का बिसलेरी ने किया स्वागत, कहा- सभी 143 प्लांट सुरक्षित और मानकों के अनुरूप

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (26 November 2026): भारतीय पैकेज्ड पेयजल ब्रांड बिसलेरी ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से 23 नवंबर 2026 को जारी स्पष्टीकरण का स्वागत किया है। कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि उसके देशभर में संचालित सभी 143 प्लांट पूरी तरह चालू हैं और FSSAI के निर्धारित नियमों एवं गुणवत्ता मानकों का पालन कर रहे हैं।

कंपनी के मुताबिक, यह पूरा मामला गोवा स्थित उसके प्लांट में 27 सितंबर 2025 को निर्मित एक बैच GO 270 से संबंधित है। इस बैच को लेकर करीब 14 महीने बाद स्पष्टीकरण मांगा गया था। बिसलेरी ने बताया कि कंपनी हर साल 50 हजार से अधिक बैच का उत्पादन करती है, जबकि FSSAI की बिक्री संबंधी रोक केवल इसी एक बैच पर लागू हुई थी। कंपनी के अनुसार, इस बैच का कोई भी स्टॉक फिलहाल बाजार में उपलब्ध नहीं है।

ब्रोमेट जांच में सैंपल निर्धारित सीमा के भीतर

बिसलेरी ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि FSSAI ने 23 नवंबर 2026 को जारी स्पष्टीकरण में बताया कि संबंधित बैच के सैंपल की दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित अनुमेय सीमा से कम पाई गई। कंपनी ने इसे गुणवत्ता के लिहाज से महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण बताया है।

PAH जांच रिपोर्ट पर कंपनी ने जताई असहमति

PAH (पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन) की जांच को लेकर कंपनी ने बताया कि परीक्षण के लिए एक ही स्रोत से पानी के छह सैंपल एकत्र किए गए थे। शुरुआती जांच में सभी छह सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे। हालांकि, बाद में दोबारा की गई जांच में बैच GO 270 के छह में से एक सैंपल में 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर PAH की मात्रा दर्ज की गई।

कंपनी का दावा है कि इसी बैच के एक अन्य सैंपल में सभी निर्धारित मानक सही पाए गए थे। बिसलेरी ने जांच रिपोर्ट में विसंगतियों का हवाला देते हुए फरवरी 2026 में PAH की दोबारा जांच कराने का अनुरोध किया था। कंपनी ने कहा कि वह FSSAI के साथ पूरा सहयोग जारी रखेगी और किसी भी संबंधित कार्यवाही में अपना पक्ष रखेगी। कंपनी के अनुसार, इसके बाद FSSAI की ओर से बिसलेरी के किसी भी प्लांट के सैंपल में PAH से जुड़ी कोई प्रतिकूल स्थिति सामने नहीं आई है।

सभी 143 प्लांट में उत्पादन जारी, गुणवत्ता पर दिया जोर

बिसलेरी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि देशभर में उसके सभी 143 प्लांट पूरी तरह संचालित हैं और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ FSSAI के नियमों का पालन कर रहे हैं। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि गोवा स्थित संबंधित प्लांट को परिचालन बंद करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया था। कंपनी के अनुसार, इसके बाद के उत्पादन के सैंपल भी लागू FSSAI मानकों पर खरे उतरे हैं।

भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात

कंपनी ने कहा कि उपभोक्ताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए सही और तथ्यों पर आधारित जानकारी का प्रसार जरूरी है। बिसलेरी ने FSSAI का मामले पर स्पष्टीकरण देने के लिए आभार जताते हुए उपभोक्ताओं से सत्यापित सूचनाओं पर भरोसा करने और भ्रामक जानकारियों से बचने की अपील की है।

साथ ही कंपनी ने कहा कि वह गलत और भ्रामक प्रचार के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई के विकल्पों पर भी विचार करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।