New Delhi News (26 November 2026): पाकिस्तान की चर्चित वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर विवाद बढ़ गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस मामले में नेटफ्लिक्स को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह भारत में पाकिस्तानी कंटेंट की स्ट्रीमिंग नहीं करे। मंत्रालय ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने की याद दिलाते हुए कहा है कि पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराया जाना चाहिए। इस सीरीज में पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान और माहिरा खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। हाल ही में इसका ट्रेलर जारी होने के बाद भारत में इसकी रिलीज को लेकर विरोध शुरू हो गया था।
दरअसल, मंत्रालय को इस पाकिस्तानी सीरीज को भारत में रिलीज किए जाने की जानकारी मिलने के बाद कई शिकायतें और आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इसके बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में किए गए अपने उस वादे पर कायम रहने को कहा है, जिसमें प्लेटफॉर्म ने सरकार को बताया था कि पाकिस्तान में बनी कोई भी फिल्म या वेब सीरीज भारत में उसके सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ का वैश्विक प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर प्रस्तावित है। हालांकि, मंत्रालय के निर्देश के बाद भारत में इसकी उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है कि प्लेटफॉर्म को सरकार की एडवाइजरी का पालन करना होगा।
इस मामले में फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की थी। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने 24 नवंबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीरीज की भारत में रिलीज पर रोक लगाने की अपील की थी। उन्होंने भारतीय सिनेमाघरों, टेलीविजन चैनलों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तानी कंटेंट, कलाकारों और प्रोडक्शन से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए स्थायी कानूनी ढांचा तैयार करने की मांग भी की। इसके अगले दिन फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सरकार से इस सीरीज को भारत में उपलब्ध होने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच 8 मई 2025 को एडवाइजरी जारी की थी। इसमें भारत में संचालित ओटीटी प्लेटफॉर्म, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और अन्य डिजिटल इंटरमीडियरी को पाकिस्तान से आने वाले कंटेंट तक पहुंच बंद करने का निर्देश दिया गया था। मंत्रालय ने इस फैसले के पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा और मौजूदा परिस्थितियों का हवाला दिया था। वहीं, पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री के विरोध का असर अन्य कार्यक्रमों पर भी देखने को मिल रहा है। बेंगलुरु में 28 नवंबर और 5 दिसंबर को आयोजित होने वाली पाकिस्तानी ड्रामा ‘दार-ए-निजात’ की दो निजी स्क्रीनिंग सोशल मीडिया पर विरोध के बाद रद्द कर दी गई हैं।
बता दें कि ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ मशहूर लेखिका फरहत इश्तियाक के बेस्टसेलिंग उर्दू उपन्यास पर आधारित रोमांटिक ड्रामा सीरीज है। इसे मोमिना दुरैद ने निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। यह नेटफ्लिक्स की पहली उर्दू भाषा की ओरिजिनल सीरीज बताई जा रही है, जिसमें छह आपस में जुड़ी प्रेम कहानियां दिखाई गई हैं। फवाद खान और माहिरा खान के अलावा हानिया आमिर, अहद रजा मीर, इकरा अजीज और सनम सईद भी इसमें अहम भूमिकाओं में हैं। फिलहाल नेटफ्लिक्स की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।