एक ई-मेल ने खोली नोएडा के अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट की पोल | नोएडा में दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Noida News (27 November 2026): नोएडा में एक विदेशी नागरिक के ई-मेल ने साइबर गुलामी और मानव तस्करी से जुड़े बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट की पोल खोल दी है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-136 में संचालित कथित फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया है। इनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने इस सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो भारतीय आरोपियों की तलाश जारी है।
जॉइंट सीपी सुरेंद्र कुमार के मुताबिक, इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब एक विदेशी नागरिक ने ई-मेल के जरिए पुलिस को अपनी आपबीती बताई। पीड़ित ने अपने साथ हो रहे शोषण और जबरन साइबर ठगी कराए जाने की जानकारी दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और इस बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कंबोडिया, मलेशिया और इंडोनेशिया के युवाओं को भारत में अच्छी नौकरी और मोटी कमाई का झांसा देकर बिजनेस वीजा पर बुलाते थे। भारत पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उनकी मर्जी के खिलाफ साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया जाता था।
इस नेटवर्क में महिलाओं सहित 19 से 25 वर्ष की उम्र के युवाओं को कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया था। उनसे उनके ही देश के नागरिकों को फोन करवाकर साइबर ठगी कराई जाती थी। इतना ही नहीं, कुछ पुरुषों को महिला बनकर बातचीत करने की ट्रेनिंग भी दी जाती थी। विरोध करने पर विदेशी नागरिकों के साथ मारपीट और उन्हें प्रताड़ित करने का भी आरोप है।
जांच में सामने आया है कि सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड ने नोएडा में लाखों रुपये के किराए पर पीजी लिया हुआ था, जहां विदेशी नागरिकों को रखा जाता था। उन्हें कॉल सेंटर तक लाने और वापस ले जाने के लिए दर्जनों कैब भी किराए पर लगाई गई थीं।
दिल्ली पुलिस ने छापेमारी के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से अधिक पासपोर्ट बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस सिंडिकेट में दो भारतीय नागरिक सुनील कुमार और सुशील कुमार की भूमिका भी सामने आई है। दोनों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार विदेश भाग चुका है।
वहीं, मुक्त कराए गए विदेशी नागरिकों के संबंध में विदेश मंत्रालय और संबंधित देशों के दूतावासों को जानकारी दी गई है। उन्हें उनके देश वापस भेजने के लिए एफआरआरओ की मदद ली जा रही है।
स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
नोएडा में इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी और मानव तस्करी का कथित नेटवर्क संचालित होने से गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर सैकड़ों विदेशी नागरिकों की मौजूदगी और इतने बड़े स्तर पर संचालित कथित अवैध गतिविधियों की भनक स्थानीय पुलिस को क्यों नहीं लगी? दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद इन सवालों पर स्थानीय पुलिस का पक्ष भी महत्वपूर्ण होगा।
फिलहाल दिल्ली पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के तार किन-किन देशों से जुड़े हैं, साइबर ठगी के जरिए कितनी रकम जुटाई गई और भारत में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।