नोएडा में होगा 108 कुंडीय महायज्ञ, विश्व शांति के लिए दी जाएंगी 140 करोड़ आहुतियां

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News (26 November 2026): नोएडा के महर्षि नगर स्थित महर्षि आश्रम में 27 नवंबर से नौ दिवसीय ‘भारत उत्कर्ष महायज्ञ’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। महर्षि महेश योगी संस्थान के तत्वावधान में आयोजित यह महायज्ञ 5 दिसंबर तक चलेगा। विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि और मानव कल्याण के उद्देश्य से आयोजित 108 कुंडीय देवी भगवती सहस्र महायज्ञ में 140 करोड़ आहुतियां देने का लक्ष्य रखा गया है।

इस आध्यात्मिक आयोजन का शुभारंभ 26 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ किया जा रहा है। संपूर्ण आयोजन जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। इसमें देशभर से संत, महात्मा, आध्यात्मिक गुरु, विद्वान और श्रद्धालु शामिल होंगे।

महायज्ञ के साथ प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक प्रसिद्ध कथावाचक देवी कृष्ण प्रिया श्रीमद् देवी भागवत कथा का वाचन करेंगी। वहीं, प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महायज्ञ संपन्न होगा। 5 दिसंबर को भव्य पूर्णाहुति के साथ आयोजन का समापन होगा।

आयोजन में आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ भारतीय संस्कृति और लोक कलाओं की झलक भी देखने को मिलेगी। मथुरा, बांदा, अयोध्या, झांसी और हमीरपुर से आने वाले लोक कलाकार ब्रज, अवध और बुंदेलखंड की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे।

इसके अलावा भारत आरोग्य मेला, कला ग्राम, रेत कला प्रदर्शनी, पुस्तक मेला, गौ सेवा और अन्न क्षेत्र का भी आयोजन किया जाएगा। वैदिक प्रांगण में श्रद्धालुओं को कल्पवास, ध्यान, वैदिक अध्ययन और आध्यात्मिक साधना का अवसर मिलेगा।

महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने देशभर के श्रद्धालुओं से महायज्ञ में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने, सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने और विश्व कल्याण की भावना को बढ़ावा देने का सामूहिक प्रयास है।

संस्थान के उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज ने भी समाज के सभी वर्गों से इस जनकल्याणकारी आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

‘राष्ट्र की समृद्धि में ही हमारी समृद्धि है’ की थीम पर आयोजित यह महायज्ञ नोएडा के महर्षि नगर स्थित महर्षि आश्रम के गेट नंबर 6 पर संपन्न होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।