नोएडा (09 मार्च, 2025): गौतमबुद्ध नगर में 8 मार्च 2025 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 6 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अवनीश सक्सेना ने दीवानी न्यायालय में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न न्यायालयों और विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। अपर जिला जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऋचा उपाध्याय ने निस्तारित मामलों का विवरण प्रस्तुत किया।
इस लोक अदालत में जनपद न्यायालयों द्वारा 1 लाख 82 हजार से अधिक मामले निपटाए गए, जबकि प्री-लिटिगेशन स्तर पर 4 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण हुआ। राजस्व न्यायालयों ने 79 हजार से अधिक पुलिस विभाग ने 7,536 और यातायात विभाग ने 3 लाख के करीब मामलों का निस्तारण किया। इसके अलावा, एनपीसीएल, यूपीपीसीएल, बीएसएनएल और विभिन्न बैंकों द्वारा भी अनेक मामलों को सुलझाया गया। कुल मिलाकर, 19 करोड़ 36 लाख से अधिक रुपये की समझौता धनराशि निर्धारित की गई।
अदालतवार निस्तारित मामलों में जिला जज अवनीश सक्सेना ने 5 मामलों का निपटारा किया। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी वतशल श्रीवास्तव ने 31 मामलों में 1 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक की समझौता धनराशि तय की। वहीं, वाणिज्यिक न्यायालयों के न्यायाधीशों ने भी महत्वपूर्ण मामलों का निस्तारण किया।
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत 5 महिलाओं को बेबी किट और 2 दिव्यांग व्यक्तियों व एक बालिका को व्हीलचेयर वितरित की गई। साथ ही, महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों और महिला कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन ने न्यायालयों की कार्यक्षमता और तेजी से न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। राष्ट्रीय लोक अदालत का यह प्रयास विवादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान करने में सफल रहा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।