ABVP की तीन दिवसीय छात्र संसद आज से शुरू, शिक्षा, नेतृत्व और सशक्तिकरण पर मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 मार्च, 2025): अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की तीन दिवसीय छात्र संसद आज, 9 मार्च 2025 से दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में शुरू हो गई। इस संसद का उद्देश्य शिक्षा, नेतृत्व, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना है। इसमें देशभर के छात्र प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं और समाजसेवियों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

इस ऐतिहासिक आयोजन के अंतर्गत 9 मार्च को जनजातीय छात्र युवा संसद, 10 मार्च को छात्रा संसद और 11 मार्च को पूर्वोत्तर युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। जनजातीय छात्र संसद में देशभर की 124 से अधिक जनजातियों के 300 से ज्यादा छात्र भाग ले रहे हैं। इस सत्र में जनजातीय समाज की शिक्षा, उनके सांस्कृतिक संरक्षण, सरकारी योजनाओं की प्रभावशीलता और रोजगार के अवसरों पर गहन चर्चा होगी। जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गा दास उइके इस सत्र के मुख्य अतिथि हैं।

छात्रा संसद 10 मार्च को होगी, जिसमें 250 से अधिक छात्राओं की भागीदारी रहेगी। इस सत्र का मकसद छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विचार करना है। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर मुख्य अतिथि होंगी।

11 मार्च को पूर्वोत्तर युवा संसद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूर्वोत्तर भारत के सभी आठों राज्यों के छात्र संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस सत्र में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और आर्थिक विकास पर चर्चा होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह इस सत्र के मुख्य अतिथि होंगे और छात्रों से संवाद करेंगे।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि यह तीन दिवसीय छात्र संसद केवल चर्चा का मंच नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज को नीति-निर्माण तक पहुंचाने का माध्यम है। यह आयोजन युवाओं को सामाजिक समस्याओं को समझने और समाधान सुझाने का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि यह छात्र संसद देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के कड़े इंतजाम किए गए हैं। छात्र संसद का समापन 11 मार्च को होगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल मुख्य अतिथि होंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।