नई दिल्ली (8 मार्च 2025): अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Delhi CM Rekha Gupta) ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर एक ट्वीट किया। अपने संदेश में उन्होंने नारी शक्ति के साहस, संकल्प और योगदान को नमन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उठाए गए महिला कल्याण से जुड़े कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसे ऐतिहासिक फैसले महिलाओं को समान अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। साथ ही, उन्होंने दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
हालांकि, उनके ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा द्वारा किए गए चुनावी वादों का कोई जिक्र नहीं किया गया, जिससे विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। खासतौर पर, ‘महिला सम्मान राशि योजना’ की पहली किस्त 8 मार्च को महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर करने की प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर अभी तक कोई ठोस बयान नहीं आया है। इस वादे को लेकर दिल्ली में सियासी हलचल तेज हो गई है और आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना की ओर से जारी एक वीडियो में भाजपा पर तीखा हमला किया गया। आप नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुले मंच से यह गारंटी दी थी कि 8 मार्च को दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये की सम्मान राशि उनके बैंक खातों में मिलेगी। लेकिन अब तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विपक्ष ने सवाल किया है कि अगर यह गारंटी सही थी, तो अभी तक पैसा क्यों नहीं आया?

आप नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने महिलाओं के सशक्तिकरण के नाम पर सिर्फ चुनावी वादे किए हैं और अब जब उन्हें पूरा करने की बारी आई है, तो वे चुप हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार को जल्द से जल्द इस योजना के क्रियान्वयन पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि दिल्ली की महिलाओं को धोखे में न रखा जाए।
वहीं, दूसरी ओर, भाजपा के अंदर भी इस मुद्दे पर हलचल देखी जा रही है। कुछ नेता इसे मोदी की गारंटी मानकर पूरा करने का सीएम रेखा गुप्ता पर भरोसा जता रहे है हालांकि, दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस योजना पर सरकार जल्द ही स्थिति स्पष्ट कर सकती है। भाजपा समर्थकों का कहना है कि उनकी पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है और इस योजना को भी जल्द ही लागू किया जाएगा।
अब सवाल यह उठता है कि क्या भाजपा अपने इस वादे को पूरा करेगी या फिर यह भी अन्य चुनावी गारंटियों की तरह सिर्फ एक जुमला बनकर रह जाएगा। दिल्ली की महिलाओं को अब उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह गारंटी केवल चुनावी बयान नहीं थी और जल्द ही उन्हें महिला सम्मान राशि योजना का लाभ मिलेगा। अगर यह योजना लागू नहीं होती है, तो विपक्ष इसे बड़ा मुद्दा बना सकता है और भाजपा को महिलाओं के बीच अपनी साख बचाने के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।