सूखे हाइड्रेट की वजह से नहीं बुझी फ्लैट में लगी आग, सोसाइटी प्रबंधन पर गंभीर आरोप
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (27 फरवरी 2025): ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित निराला ग्रीनशायर सोसायटी में मंगलवार देर रात एक फ्लैट में आग लग गई। आग बुझाने के लिए लगाए गए स्प्रिंकलर तो सक्रिय हो गए, लेकिन हाइड्रेंट में पानी न होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति गंभीर होने के बावजूद सोसायटी प्रबंधन की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे निवासियों को खुद ही आग बुझाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
फ्लैट मालिक ने बालकनी से लगाई मदद की गुहार
टावर जी-10 के फ्लैट नंबर 303 में रहने वाले रजत बंसल ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे उनके फ्लैट के प्रवेश द्वार पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। उस समय वह अपनी पत्नी और सात वर्षीय बेटी के साथ बेडरूम में थे। अचानक आग तेजी से फैलने लगी और फॉल सीलिंग को अपनी चपेट में ले लिया। रात करीब 1 बजे बाहर से किसी की आवाज सुनकर रजत बंसल ने बेडरूम का दरवाजा खोला तो देखा कि आग विकराल रूप ले चुकी थी। स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत दरवाजा बंद किया और बालकनी में जाकर मदद के लिए पुकार लगाई। उनकी आवाज सुनकर पार्क में मौजूद लोग फ्लैट की ओर दौड़े।
निवासियों ने फायर एक्सटिंग्विशर से बुझाई आग
आग को तेजी से फैलता देख पार्क में मौजूद कुछ लोग तुरंत हरकत में आए। सोसायटी की लॉबी में लगे फायर उपकरणों और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। रजत बंसल भी अंदर से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया। रजत बंसल ने बताया कि आग लगने के दौरान सोसायटी में लगे फायर सेफ्टी सिस्टम ने काम नहीं किया। स्प्रिंकलर तो सक्रिय हुए, लेकिन हाइड्रेंट में पानी नहीं होने की वजह से आग को तुरंत नहीं बुझाया जा सका। इस बड़ी लापरवाही के कारण उनकी संपत्ति को 1.5 से 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
बिल्डर ने नहीं ली कोई जिम्मेदारी
आग बुझाने के बाद रजत बंसल ने इस घटना की जानकारी सोसायटी प्रबंधन को दी और बिल्डर से मुआवजे की मांग की। हालांकि, बिल्डर ने किसी भी तरह की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। रजत ने ईमेल के जरिए भी अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
सोसायटी प्रबंधन ने दी सफाई
सोसायटी के जनरल मैनेजर (जीएम) अरुण बिष्ट ने इस घटना पर सफाई देते हुए कहा कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण कॉमन एरिया में लगी थी। वह छुट्टी पर थे, इसलिए उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे।
फायर सेफ्टी सिस्टम की खामियों पर उठे सवाल
इस घटना ने सोसायटी में फायर सेफ्टी सिस्टम की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस लापरवाही की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। यदि हाइड्रेंट में पानी होता तो आग को जल्दी काबू में किया जा सकता था और नुकसान को टाला जा सकता था। निवासियों ने सोसायटी प्रबंधन और बिल्डर की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, फायर सेफ्टी सिस्टम की नियमित जांच और मेंटेनेंस सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।