नोएडा में यूपी एसटीएफ को मिली बड़ी सफलता, गैंगस्टर जीतू ढेर!

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (26 फरवरी 2025): नोएडा में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) की टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने मंगलवार देर रात मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र में एक कुख्यात अपराधी के साथ मुठभेड़ की। इस एनकाउंटर में गैंगस्टर जीतू उर्फ जितेंद्र को ढेर कर दिया गया।

एनकाउंटर के दौरान घायल हुआ बदमाश, इलाज के दौरान मौत

यूपी एसटीएफ को सूचना मिली थी कि जीतू नोएडा और आसपास के इलाकों में सक्रिय है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस टीम ने जब उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने भागने का प्रयास किया। खुद को फंसता देख जीतू ने एसटीएफ टीम पर गोलियां चला दीं। जवाबी फायरिंग में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एक लाख का इनामी बदमाश था जीतू

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जीतू हरियाणा के झज्जर जिले के आसौंदा गांव का रहने वाला था। वह गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र में 2023 में हुए एक हत्या के मामले में वांछित था। इस केस में उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इसके अलावा, पुलिस को उसके लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की भी जानकारी मिली थी।

2016 में किया था डबल मर्डर, जेल में बना गैंग का हिस्सा

जीतू का आपराधिक इतिहास काफी पुराना था। वर्ष 2016 में झज्जर में हुए एक डबल मर्डर केस में उसे आरोपी बनाया गया था, जिसके चलते अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, 2023 में वह पैरोल पर जेल से बाहर आया, लेकिन इसके बाद फरार हो गया। फरारी के दौरान ही उसने सुपारी लेकर गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। जेल में रहते हुए जीतू की मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों से हुई थी। पैरोल जम्प करने के बाद उसने गैंग के लिए काम करना शुरू कर दिया। यूपी पुलिस और एसटीएफ लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

2016 से 2023 के बीच दर्ज हुए थे 8 मुकदमे

पुलिस के अनुसार, जीतू पर 2016 से 2023 के बीच कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास और अन्य गंभीर अपराध शामिल थे। एसटीएफ की कार्रवाई से पुलिस को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क को लेकर भी अहम सुराग मिलने की संभावना है। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि इस एनकाउंटर से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंगस्टरों के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार हुआ है। पुलिस अब जीतू से जुड़े अन्य अपराधियों की भी तलाश कर रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।