महाकुंभ से लौटते वाहनों की भीड़ बढ़ी, यमुना एक्सप्रेसवे पर लगा जाम

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (24 फरवरी 2025): प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं और अन्य वाहनों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी के कारण रविवार शाम को यमुना एक्सप्रेसवे पर भारी जाम लग गया। खासकर आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को जेवर टोल प्लाजा पार करने में 20 मिनट से अधिक का समय लग रहा है।

यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर कुल 28 टोल गेट हैं, जिनमें दोनों ओर 14-14 लेन चालू हैं। इसके बावजूद रविवार को वाहनों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि टोल पर लंबी कतारें लग गईं। पुलिस प्रशासन ने यातायात को सुचारु रूप से संचालित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन भारी भीड़ के चलते राहत देने में कठिनाई हो रही थी।

ट्रैफिक सुधार के लिए किए गए थे प्रयास

गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर पहले भी जाम की समस्या देखी गई थी, जिसके समाधान के लिए कुछ वर्ष पूर्व आईआईटी दिल्ली द्वारा एक सर्वेक्षण किया गया था। इस सर्वे के आधार पर यमुना विकास प्राधिकरण और जेपी इंफ्राटेक को कई सुधारात्मक कदम उठाने के सुझाव दिए गए थे। हालांकि, फास्टैग प्रणाली लागू होने के बाद जाम की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार आया है, लेकिन महाकुंभ जैसी बड़ी भीड़भाड़ के समय अभी भी यातायात बाधित हो जाता है।

प्रशासन ने दी सफाई

जेवर कोतवाली के निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं के अलावा मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर लौटने वाले यात्रियों के वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण टोल पर ट्रैफिक धीमा हो गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में थी और किसी बड़े जाम की स्थिति नहीं बनी। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।