गोसंवर्धन से आत्मनिर्भरता तक का संदेश, दिल्ली में राष्ट्रीय गोधन महोत्सव का आगाज
नई दिल्ली, 01 नवंबर 2026। गोसंवर्धन को आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के उद्देश्य से जनकपुरी स्थित दिल्ली हाट में सात दिवसीय राष्ट्रीय गोधन दीपावली महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय गोधन महासंघ द्वारा 1 से 7 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक हवन-पूजन और गो-पूजन के साथ किया गया।
महोत्सव का उद्देश्य गोसंवर्धन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों के निर्माण और आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। आयोजन में देशभर की प्रतिष्ठित गौशालाओं, गोसेवकों और सामाजिक संस्थाओं के 400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता असम के पूर्व राज्यपाल एवं महोत्सव के अध्यक्ष प्रो. जगदीश मुखी ने की। इस अवसर पर विश्व जागृति मिशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु सुधांशु जी महाराज, राष्ट्र सेविका समिति की उत्तर क्षेत्र प्रचारिका एवं अखिल भारतीय तरुणी प्रमुख सुश्री विजया शर्मा, संत विकासानंद जी, भारतीय किसान संघ (हरियाणा) के प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा, पूर्व विधायक मदन लाल, जनकपुरी के पूर्व विधायक राजेश ऋषि, राष्ट्रीय गोधन महासंघ के संयोजक विजय खुराना तथा महोत्सव प्रभारी मोनिका अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वैदिक अनुष्ठान के बाद गो-पूजन किया गया और दोपहर में विशाल भोजन-प्रसाद का वितरण हुआ।
400 से अधिक स्टॉल पर गो-आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी
महोत्सव में देशभर की गौशालाओं द्वारा तैयार गोबर और गोमूत्र से बने उत्पाद, पंचगव्य औषधियां, जैविक खाद, धूपबत्ती, दीपक, प्राकृतिक सौंदर्य प्रसाधन और दैनिक उपयोग की स्वदेशी वस्तुएं प्रदर्शित की जा रही हैं। इसके माध्यम से गौशालाओं को आधुनिक तकनीक, उत्पाद निर्माण और विपणन से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस आयोजन में दिल्ली सरकार के दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) ने वेन्यू पार्टनर की भूमिका निभाई है। वहीं, काउजोन, सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा (दिल्ली), विश्व हिंदू परिषद, भारतीय किसान संघ और कॉन्फेडरेशन ऑफ एनजीओज ऑफ इंडिया का भी सहयोग मिल रहा है।
गो-आधारित कृषि से बढ़ेगी किसानों की आय : सुधांशु जी महाराज
समारोह को संबोधित करते हुए आध्यात्मिक गुरु सुधांशु जी महाराज ने कहा कि गोवंश का संरक्षण केवल गाय के पालन-पोषण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सड़कों पर भटक रहे निराश्रित गोवंश की देखभाल भी आवश्यक है। उन्होंने रासायनिक खादों के कारण भूमि की घटती उर्वरा शक्ति पर चिंता जताते हुए गांव-गांव में गोबर गैस और जैविक खाद संयंत्र स्थापित करने पर जोर दिया। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
युवाओं और महिलाओं से गो-आधारित कृषि अपनाने की अपील
सुश्री विजया शर्मा ने युवाओं और महिलाओं से गोवंश संरक्षण तथा गो-आधारित कृषि को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गोबर और गोमूत्र भूमि की उर्वरा शक्ति को पुनर्जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। गो-आधारित कृषि से देश को समृद्ध और विषमुक्त बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
गो-उत्पादों के व्यावसायिक प्रसार पर जोर : प्रो. जगदीश मुखी
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. जगदीश मुखी ने कहा कि गोवंश संरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए गो-उत्पादों का व्यावसायिक प्रसार आवश्यक है। जब गोबर और गोमूत्र की आर्थिक उपयोगिता बढ़ेगी, तो गोवंश संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने निराश्रित गोवंश के आश्रय के लिए संस्था गठित करने की घोषणा करते हुए सरकार से भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि सड़कों पर घूमने वाले गोवंश के लिए उचित व्यवस्था की जा सके।
गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाना महोत्सव का लक्ष्य
राष्ट्रीय गोधन महासंघ के संयोजक विजय खुराना ने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य गौशालाओं को केवल दान और सहायता पर निर्भर रखने के बजाय उद्यम, उत्पाद प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ना है। इससे गौशालाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं ग्रामीण उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे।
7 नवंबर को गोसंरक्षण आंदोलन के संतों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
महोत्सव के अंतिम दिन 7 नवंबर को वर्ष 1966 के ऐतिहासिक गोसंरक्षण आंदोलन में बलिदान देने वाले संतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
आयोजकों ने किसानों, उद्यमियों, गौसेवकों और आम नागरिकों से महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
महोत्सव का समय: प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक।
स्थान:* दिल्ली हाट, जनकपुरी, नई दिल्ली।
आयोजन तिथि: 1 से 7 नवंबर 2026।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।