“ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयोग के पद से हटना होगा और उनके खिलाफ कार्रवाई भी हाेगी”: राहुल गांधी | रामलीला मैदान
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (01/11/2026): दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की 20 विपक्षी पार्टियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्षी नेताओं ने मार्च निकालने के बाद जनसभा को संबोधित किया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी में मदद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटना होगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि वोट के अधिकार के साथ खिलवाड़ करने वालों को जवाब देना होगा और ज्ञानेश कुमार को जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति संविधान से बड़ा नहीं है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए। उन्होंने मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक सहित कई राज्यों के चुनावों में भी कथित वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेगा और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगा।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में विपक्ष को जनता ने नहीं हराया, बल्कि चुनावी प्रक्रिया के जरिए हराया गया। उन्होंने मतदाता सूची में बदलाव और SIR को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष इस मामले को लेकर पीछे हटने वाला नहीं है।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता राजनीतिक रूप से जागरूक है और समय आने पर सत्ता में बैठे लोगों को जवाब देती है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए मौजूदा सरकार की विदाई का दावा किया। रैली में तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और वामपंथी नेता एमए बेबी सहित कई विपक्षी नेताओं ने भी संबोधन दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी एक राजनीतिक दल या नेता का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की आवाज है। उन्होंने कहा कि विपक्ष नफरत की राजनीति में विश्वास नहीं करता और देश में मोहब्बत तथा भाईचारे का संदेश देना चाहता है। पिछले 25 दिनों में विपक्षी दल इस मुद्दे पर सातवीं बार एकजुट हुए हैं। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच भी छह बार विरोध प्रदर्शन किया गया था।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।