अब AI और डिजिटल मार्केटिंग से कारोबार बढ़ाएंगे देश के व्यापारी, CAIT-NASSCOM के बीच हुआ MoU

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (27 October 2026): देशभर के व्यापारियों और MSME उद्यमियों को डिजिटल तकनीकों से जोड़ने के लिए कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और नैसकॉम ने महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। ‘Tech Connect for Traders & MSMEs – Accelerating Digital Transformation’ कार्यक्रम के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य व्यापारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा और डिजिटल मार्केटिंग का प्रशिक्षण देकर डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करना है।

यह कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के राज्य मंत्री जितिन प्रसाद की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस दौरान चांदनी चौक के सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल, नैसकॉम के अध्यक्ष राजेश नांबियार सहित व्यापार और उद्योग जगत के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।

डिजिटल तकनीक अपनाना अब जरूरत: जितिन प्रसाद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि मौजूदा दौर में डिजिटल तकनीकों को अपनाना व्यापारियों के लिए केवल विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कैट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह समझौता छोटे व्यापारियों और MSME क्षेत्र के लिए परिवर्तनकारी साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से छोटे व्यापारी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर अपने कारोबार का विस्तार कर सकेंगे और नए बाजारों तक पहुंच बना पाएंगे। साथ ही, वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करने के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और तकनीक आधारित विकास के विजन को आगे बढ़ाने में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।

AI से लेकर साइबर सुरक्षा तक मिलेगा प्रशिक्षण

इस कार्यक्रम के तहत व्यापारियों को तीन प्रमुख क्षेत्रों में प्रशिक्षित करने पर जोर दिया जाएगा। इनमें कारोबारी गतिविधियों में AI टूल्स का व्यावहारिक उपयोग, साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव और डिजिटल मार्केटिंग के जरिए ऑनलाइन कारोबार का विस्तार शामिल हैं।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से व्यापारी अपने कामकाज की उत्पादकता बढ़ाने, ग्राहकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचने और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने में सक्षम हो सकेंगे।

हर राज्य के व्यापारियों तक पहुंचाने की तैयारी

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं का रुझान तेजी से डिजिटल माध्यमों की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में व्यापारियों के लिए नई तकनीकों को अपनाना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल अवसरों के साथ साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के खतरे भी बढ़े हैं, इसलिए व्यापारियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी आवश्यक है।

खंडेलवाल ने विश्वास जताया कि कैट और नैसकॉम की यह संयुक्त पहल देशभर के व्यापारियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान को देश के प्रत्येक राज्य और व्यापारिक संगठन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि छोटे से छोटे व्यापारी भी इसका लाभ उठा सकें।

छोटे कारोबारियों को डिजिटल कौशल से जोड़ने पर जोर

नैसकॉम के अध्यक्ष राजेश नांबियार ने कहा कि भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए व्यापारिक समुदाय का आधुनिक तकनीकों से जुड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से व्यापारियों को डिजिटल कौशल, AI आधारित समाधान, साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण और आधुनिक डिजिटल बिजनेस मॉडल से परिचित कराने पर जोर दिया जाएगा।

कैट के अनुसार, यह समझौता व्यापारियों को डिजिटल अर्थव्यवस्था का सशक्त भागीदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल को डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत 2047 और मेक इन इंडिया के उद्देश्यों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।