दिल्ली में 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का आगाज, 14,000 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 October 2026): दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में शुक्रवार को 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेल 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इन खेलों में देशभर से 14,000 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे। दिल्ली सरकार की मेजबानी में 14 खेलों की प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी।

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इन खेलों का पहला चरण 22 से 28 अक्टूबर 2026, दूसरा चरण 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 और तीसरा चरण 28 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक चलेगा। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय की खेल शाखा द्वारा किया जा रहा है।

खेलों से युवाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर

उद्घाटन समारोह में शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि राष्ट्रीय स्कूल खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के भविष्य के खेल इकोसिस्टम को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। दिल्ली को इन खेलों की मेजबानी मिलना राजधानी के लिए गर्व की बात है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने खेलों और फिटनेस के प्रति लोगों की सोच में बदलाव लाने का काम किया है। अब खेल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं के लिए करियर और उज्ज्वल भविष्य का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, आवास और चिकित्सा सहायता

मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल मैदान, ट्रैक एवं फील्ड, आधुनिक उपकरण, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और तकनीकी अधिकारियों की व्यवस्था की गई है। देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आने वाली टीमों के लिए आवास, भोजन, स्थानीय परिवहन और स्वागत की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि इन प्रतियोगिताओं में राजधानी के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और अधिक से अधिक पदक जीतें। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं और सकारात्मक खेल वातावरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

ओलंपिक पदक विजेताओं को मिलेंगे ₹3 से ₹7 करोड़

आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि और खेल सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है। नई खेल नीति के तहत ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए ₹7 करोड़, रजत पदक विजेताओं के लिए ₹5 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं के लिए ₹3 करोड़ की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। एशियाई खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए भी प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में खेल संस्कृति को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए पिछले वर्ष खेलो महाकुंभ का आयोजन किया गया था। इस दौरान 17 स्टेडियमों एवं खेल परिसरों में एक महीने तक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं और 16,000 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया।

 

पीतमपुरा में ₹100 करोड़ की लागत से बनेगा खेल परिसर

मंत्री ने कहा कि दिल्ली में खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए पीतमपुरा में लगभग ₹100 करोड़ की लागत से नया खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली के कॉलेजों को मिलने वाला खेल अनुदान ₹1 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख कर दिया गया है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले योग्य खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

जीत के साथ अनुशासन और खेल भावना भी जरूरी

देशभर से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आशीष सूद ने कहा कि खेलों में जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन अनुशासन, मित्रता, सीखने की भावना और चरित्र निर्माण भी उतने ही जरूरी हैं। हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ खेलने की अपील की। दिल्ली में 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का आयोजन राजधानी की खेल अवसंरचना और खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों को प्रदर्शित करता है। इससे पहले त्यागराज स्टेडियम में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का भी सफल आयोजन किया गया था।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।