साइट-4 रामलीला में हनुमान जी का पराक्रम, लंका दहन के मंचन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (18 अक्टूबर 2026): ग्रेटर नोएडा के साइट-4 स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित विजय महोत्सव 2026 के अंतर्गत रविवार को रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, माता सीता की खोज, हनुमान-रावण संवाद और लंका दहन की लीलाओं ने दर्शकों को भक्तिभाव और उत्साह से भर दिया। विशेष रूप से लंका दहन के रोमांचक दृश्य ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरा परिसर भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जेपी छाबड़ी ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्य अतिथियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कमेटी के प्रयासों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और भाजपा एमएलसी श्रीचंद शर्मा भी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। दोनों अतिथियों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित दर्शकों को संबोधित किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों का उल्लेख करते हुए सनातन धर्म की परंपराओं एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने भव्य रामलीला आयोजन के लिए कमेटी को बधाई दी।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जॉइंट सीपी लॉ एंड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्र, नोएडा एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, डीसीपी-3 एस.के. सिंह और बिलासपुर के चेयरमैन संजय चेची उपस्थित रहे। इनके अलावा एडवोकेट रामसरण नागर तथा प्रायोजक रामवतार अग्रवाल, मूलचंद शर्मा, पंकज अग्रवाल, धनपाल सिंह, अनुज सिंघल और पल्लव मांगलिक सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम में सहभागिता की।

शबरी उद्धार से लंका दहन तक की लीला ने बांधा समां

कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि रविवार की लीला में रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया गया। माता शबरी की भक्ति, भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता, बाली वध तथा माता सीता की खोज के दृश्यों के माध्यम से कलाकारों ने कथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इन प्रसंगों में भक्ति, विश्वास, मित्रता और धर्म के प्रति समर्पण का संदेश देखने को मिला।

महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि माता सीता की खोज में हनुमान जी समुद्र पार कर लंका पहुंचते हैं। वहां अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट कर उन्हें भगवान श्रीराम का संदेश देते हैं। इसके बाद हनुमान जी रावण के दरबार में पहुंचते हैं, जहां दोनों के बीच संवाद होता है। रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई जाती है, लेकिन हनुमान जी अपनी शक्ति और पराक्रम से पूरी लंका में आग लगा देते हैं।

लंका दहन के इस दृश्य को मंच पर प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया। अग्नि और युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। इस प्रसंग के माध्यम से अन्याय और अहंकार के अंत तथा धर्म की विजय का संदेश दिया गया।

संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने कहा कि रामलीला के प्रसंगों में भगवान श्रीराम की मर्यादा, हनुमान जी की अटूट भक्ति, साहस और समर्पण को प्रमुखता से दर्शाया गया। शबरी उद्धार से लेकर लंका दहन तक की कथा दर्शकों को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

19 अक्टूबर को विभीषण आगमन और कुंभकर्ण वध का होगा मंचन

मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि सोमवार, 19 अक्टूबर को रामलीला में विभीषण आगमन, सेतु बंधन, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति और कुंभकर्ण वध जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। आगामी प्रस्तुतियों में भगवान श्रीराम की सेना के लंका की ओर प्रस्थान, अंगद द्वारा रावण को समझाने के प्रयास और युद्ध के रोमांचक दृश्यों को दिखाया जाएगा। लक्ष्मण शक्ति और कुंभकर्ण वध की लीला दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।

21 वर्षों से आयोजित हो रहा विजय महोत्सव

विनोद कसाना ने बताया कि श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा पिछले 21 वर्षों से विजय महोत्सव के अंतर्गत रामलीला का आयोजन कर रही है। कमेटी प्रत्येक वर्ष मंचन को अधिक आकर्षक और बेहतर बनाने के लिए नए प्रयोग करती है। इस बार भी रामलीला के साथ भव्य मेले का आयोजन किया गया है, जहां खानपान के स्टॉल, घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, बच्चों के लिए झूले, सर्कस, जादू और मनोरंजन के विभिन्न साधन उपलब्ध हैं।

आयोजन स्थल पर पुलिस-प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं, ताकि दर्शक और परिवार सुरक्षित वातावरण में रामलीला तथा मेले का आनंद ले सकें। धार्मिक प्रस्तुतियों और मनोरंजन के इस संगम ने विजय महोत्सव को क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया है।

कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह, महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना, धर्मपाल भाटी, हरेन्द्र भाटी, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, वेदु भाटी, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, उमंग दीपक भाटी, प्रभाकर देशमुख, विकास आर्य, रिंकू आर्य और प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।