रामविलास पासवान की जयंती अब राजकीय समारोह के रूप में मनेगी, बिहार सरकार ने दी मंजूरी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Bihar News (12 October 2026): बिहार सरकार ने बिहार के महान सपूत, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती को हर वर्ष 5 जुलाई को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की स्वीकृति प्रदान की है। मंत्रिपरिषद सचिवालय विभाग की ओर से जारी स्वीकृति संबंधी संक्षेप में इसकी जानकारी दी गई है। सरकार के इस फैसले को रामविलास पासवान के ऐतिहासिक सामाजिक योगदान और सार्वजनिक जीवन में उनकी भूमिका के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। अब प्रत्येक वर्ष उनकी जयंती पर राजकीय समारोह आयोजित कर उनके विचारों, संघर्षों और जनसेवा को याद किया जाएगा।
बिहार सरकार के दस्तावेज के अनुसार, रामविलास पासवान का जन्म 5 जुलाई 1946 को बिहार के खगड़िया जिले के शहरबन्नी गांव में हुआ था। उन्होंने कोसी कॉलेज, खगड़िया और पटना विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की। बिहार पुलिस में डीएसपी के पद पर चयनित होने के बावजूद उन्होंने वर्ष 1969 में नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखा और पहली बार बिहार विधानसभा के लिए चुने गए। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वे नौ बार लोकसभा सदस्य और दो बार राज्यसभा सदस्य रहे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार में कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। 8 अक्टूबर 2020 को 74 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। राष्ट्र निर्माण और समाज के प्रति उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उन्हें मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया था।
बिहार सरकार के इस निर्णय पर उनके बेटे और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने खुशी जताते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “बिहार सरकार द्वारा मेरे नेता–मेरे पिता, पद्म भूषण श्रद्धेय रामविलास पासवान जी की जयंती 5 जुलाई को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की स्वीकृति प्रदान करना उनके ऐतिहासिक सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस सम्मान के लिए मैं बिहार सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।” चिराग पासवान ने इस फैसले को अपने पिता के सामाजिक योगदान और उनके जीवनभर किए गए संघर्षों के प्रति सम्मान बताया।
चिराग पासवान ने अपने पिता के विचारों और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए कहा, “पापा ने अपना संपूर्ण जीवन वंचितों, शोषितों, दलितों, गरीबों एवं समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई के लिए समर्पित किया। उनका जीवन, उनके विचार और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।” रामविलास पासवान भारतीय राजनीति के प्रमुख समाजवादी नेताओं में शामिल रहे और उन्होंने अपना सार्वजनिक जीवन कमजोर वर्गों के अधिकारों, सामाजिक समानता तथा उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए समर्पित किया। उनकी जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की मंजूरी से उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।