ग्रेटर नोएडा में ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता, 15 स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (11/10/2026): भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा की ओर से ईटा-2 स्थित ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल में अंतरविद्यालय स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 15 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय मूल्यों से परिचित कराने के साथ उनमें देश के प्रति समझ और जागरूकता विकसित करना था।
विद्यालय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 3,613 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें जूनियर वर्ग के 2,162 और सीनियर वर्ग के 1,451 विद्यार्थी शामिल रहे। प्रतियोगिता में विद्यालयों की टीमों को गंगा, यमुना, सतलुज, रावी, गोमती और कावेरी जैसी भारतीय नदियों के नाम दिए गए, जिससे आयोजन में भारतीय भौगोलिक और सांस्कृतिक पहचान की झलक भी देखने को मिली।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक सुशील ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संघ के ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वभाषा, स्वभूषा, स्वभोजन, स्वभजन और स्वभ्रमण को प्रोत्साहित करते हुए भारतीय भाषा, पहनावे, खानपान, परंपराओं और देश के विभिन्न क्षेत्रों को जानने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को देश की विविधता और सांस्कृतिक विरासत को समझने की प्रेरणा देती हैं।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में संचारी भट्टाचार्य के संयोजन में ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक संगीतमय गायन प्रस्तुत किया। वहीं, नवनीता महेश के निर्देशन में बच्चों ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का अभिनंदन किया। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों और अभिभावकों को भी सवालों के माध्यम से शामिल किया गया। सही उत्तर देने वाले अभिभावकों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।

सीनियर और जूनियर वर्ग में इन स्कूलों ने हासिल किए स्थान
सीनियर वर्ग में मॉडर्न स्कूल, डेल्टा-1 ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल दूसरे और ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल और जेएस आदर्श स्कूल, बिरोंडी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
जूनियर वर्ग में एस्टर स्कूल, डेल्टा-2 ने प्रथम स्थान हासिल किया। मॉडर्न स्कूल दूसरे और ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। इस वर्ग में ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल और दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर विवेक कुमार ने किया, जबकि सुजाता ने क्विज मास्टर की जिम्मेदारी निभाई। आयोजन को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष विवेक अरोरा, राजेंद्र सोनी, राकेश रिखी, प्रेरणा, शिवानी, सीमा, गीता और दीपक सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।