गाजियाबाद में सिलाई कारीगर की गोली मारकर हत्या, कमरे में चारपाई पर मिला खून से लथपथ शव
टेन न्यूज नेटवर्क
Ghaziabad News (11/10/2026): गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित वंदना एन्क्लेव कॉलोनी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक किराए के कमरे में पत्नी के साथ रहता था और एक फैक्ट्री में सिलाई का काम करता था। शनिवार शाम काम से लौटने पर पत्नी ने उसे कमरे में चारपाई पर मृत अवस्था में पाया। युवक की कमर में गोली लगी थी और शव खून से लथपथ था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय अंशुल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से लखीमपुर खीरी का रहने वाला था और अपनी पत्नी निशा के साथ वंदना एन्क्लेव कॉलोनी में किराए पर रह रहा था। दंपती एक ही फैक्ट्री में सिलाई का काम करते थे। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, जो गांव में ही रहते हैं। अंशुल को फैक्ट्री से दो दिन की छुट्टी मिली हुई थी, जिसके चलते वह शनिवार को कमरे पर ही मौजूद था, जबकि उसकी पत्नी सुबह काम पर चली गई थी।
जानकारी के मुताबिक, अंशुल के साथ कमरे में उसका जीजा पप्पू भी रहता था, जो सिलाई का काम करता है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे पप्पू खाना खाने के लिए कमरे पर आया था। भोजन करने के बाद वह दोबारा अपने काम पर चला गया। इसके बाद कमरे में क्या हुआ और अंशुल की हत्या किस समय की गई, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
शाम को घर लौटी पत्नी तो सामने आया मामला
शनिवार शाम करीब सात बजे निशा काम खत्म कर कमरे पर पहुंची। उस समय कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। अंदर जाने पर उसने अपने पति को चारपाई पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। अंशुल की कमर में गोली लगी हुई थी। पति की हालत देखकर निशा चीख पड़ी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास के रास्तों और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय कमरे या आसपास कौन-कौन मौजूद था और वारदात को अंजाम देने के बाद कोई संदिग्ध वहां से निकला था या नहीं। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।