30 लाख नौकरियां कहां से देंगे अखिलेश? नियुक्ति पत्र बांटते हुए सीएम योगी का बड़ा सवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Lucknow News (27 November 2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी नौकरियों के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि 30 लाख नौकरियां देने की बात करने वाले अखिलेश यादव पहले बताएं कि चार बार सपा की सरकार में कितने युवाओं को नौकरी मिली थी। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उनकी सरकार करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है।

शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के माध्यम से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तेजी से नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं, उसे सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा। उसे तो सिर्फ नोट गिनना आता है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकालों में हुई कुल नियुक्तियों से दोगुने से अधिक नियुक्तियां उनकी सरकार ने की हैं। उन्होंने युवाओं को बड़ी खुशखबरी देते हुए कहा कि अगले सप्ताह 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। इनमें करीब आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित करीब दो हजार अभ्यर्थी शामिल हैं।

योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 से पहले सरकारी नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। उन्होंने वर्ष 2015-16 की पीसीएस भर्ती पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एक थर्ड डिवीजन से उत्तीर्ण अभ्यर्थी को टॉपर बनाया गया था।

मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन योजना के मुद्दे पर भी समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि आज पुरानी पेंशन बहाली की बात करने वाले बताएं कि नई पेंशन योजना किसने लागू की थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने कर्मचारियों के हित में सरकारी अंशदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और करीब 10 हजार करोड़ रुपये कर्मचारियों के खातों में पहुंचाए।

सीएम योगी ने गोमती रिवरफ्रंट और जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों से कहा कि यदि कोई वरिष्ठ अधिकारी गलत काम करने का दबाव बनाए तो उसका हिस्सा न बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब साढ़े बारह लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश का युवा कट्टा और बम बनाता था, जबकि आज ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल के निर्माण में योगदान दे रहा है।

उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से ईमानदारी और मेरिट को अपना मूलमंत्र बनाने तथा उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में योगदान देने की अपील की।

इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव वित्त एवं आईटी आलोक कुमार, सचिव वित्त मिनिस्ती एस. जी., सचिव वित्त संदीप कौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, मुख्यमंत्री के आरोपों पर समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।