Noida News (10/10/2026): नोएडा के भंगेल स्थित एक अस्पताल से तीन दिन के नवजात शिशु के अपहरण का मामला सामने आया है। थाना फेस-2 पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को भंगेल स्थित अस्पताल में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। 8 अक्टूबर की शाम एक अज्ञात महिला अस्पताल पहुंची और सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपये दिलाने का झांसा देकर नवजात की मां और नानी से जान-पहचान बढ़ाई।
इसके अगले दिन, 9 अक्टूबर की सुबह आरोपी महिला दोबारा अस्पताल पहुंची। इस दौरान वह नवजात को दुलारने लगी और बातचीत के बहाने परिजनों को उलझाकर धोखे से बच्चे को अपने साथ ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की। कार्रवाई के दौरान एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास से उपासना नामक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके कब्जे से नवजात को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद की है।
बहन को बच्चा देने के लिए किया अपहरण
पुलिस पूछताछ में आरोपी उपासना ने बताया कि उसकी बहन की कोई संतान नहीं है। इसी वजह से वह नवजात को अपनी बहन को देने के उद्देश्य से अस्पताल से लेकर गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष है। वह मूल रूप से बागपत जिले के बावली गांव की निवासी है और वर्तमान में भंगेल में रह रही थी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद नवजात को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।