नई दिल्ली (18 फरवरी 2025): दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 30 वर्षीय महिला पूजा की दिनदहाड़े बीच सड़क पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका की मां ने इस हत्या के पीछे पूजा के पति हर्ष गोयल का हाथ होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना सुबह 9:08 बजे की है जब पुलिस को सूचना मिली कि जौहरीपुर नाले के पास एक महिला पर चाकू से हमला किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पूजा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूजा पर हमलावर ने कई बार चाकू से वार किए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। शव की हालत देखकर लोग सहम गए। पूजा के शरीर पर कई जगह चाकू के गहरे घाव थे, जो इस हमले की बर्बरता को दर्शाते हैं।
मृतका की मां मंजू गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पूजा की शादी हर्ष गोयल से हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर्ष शराब और जुए की लत में डूबा हुआ था और पूजा से पैसों की मांग करता था। पैसे न देने पर वह पूजा के साथ मारपीट करता था। लगातार घरेलू हिंसा से तंग आकर पूजा करीब सात महीने पहले अपने मायके आ गई थी और वहीं रह रही थी। लेकिन हर्ष उसे लगातार परेशान कर रहा था।
हत्या से पहले मिली थी धमकी
मृतका की मां के अनुसार, “दस दिन पहले हर्ष घर आया था और पूजा की पिटाई की थी। उसने साफ कहा था कि अगर पूजा ने तलाक दिया, तो वह उसे मार डालेगा और खुद भी आत्महत्या कर लेगा।” सोमवार को पूजा जब घर से सामान लेने निकली, तो उसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। मंजू गुप्ता का आरोप है कि हत्या करने के बाद हर्ष ने खुद फोन करके उन्हें इसकी सूचना दी और फिर फरार हो गया।
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई
गोकलपुरी थाना पुलिस ने हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग इस बर्बर हत्या से स्तब्ध हैं और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं, पूजा के मासूम बच्चे अब अपनी मां की ममता से वंचित हो गए हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।