880 करोड़ खर्च के बाद भी पानी को तरस रहे दिल्ली के दो नए प्लांट, हरियाणा बनी उम्मीद

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (03 October 2026): दिल्ली में पानी की मांग और उपलब्धता के बीच अंतर कम करने के लिए बनाए गए चंद्रावल और द्वारका के नए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रहे हैं। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने दोनों परियोजनाओं पर करीब 880 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इन दोनों प्लांटों से कुल करीब 155 एमजीडी पानी की अतिरिक्त आपूर्ति की उम्मीद थी, लेकिन कच्चे पानी की कमी के कारण योजना का पूरा लाभ फिलहाल नहीं मिल पा रहा है।

द्वारका में करीब 50 एमजीडी क्षमता का नया वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगभग आठ महीने पहले तैयार हो चुका है, लेकिन अभी तक यहां से पानी का उत्पादन शुरू नहीं हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, प्लांट को चलाने के लिए दिल्ली को हरियाणा से अपने सिंचाई कोटे के तहत करीब 51 क्यूसेक पानी की जरूरत है। दोनों राज्यों के बीच इस पानी को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। इसके बाद दिल्ली सरकार हरियाणा को रिठाला एसटीपी से ट्रीट किया हुआ पानी सिंचाई के लिए देने और बदले में पीने के लिए कच्चा पानी लेने के प्रस्ताव पर बातचीत कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार, हरियाणा यदि करीब 20 एमजीडी कच्चा पानी भी उपलब्ध कराता है तो द्वारका प्लांट से पानी का उत्पादन शुरू किया जा सकता है। इस प्लांट के निर्माण पर दिल्ली जल बोर्ड ने करीब 280.78 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। सरकार की कोशिश है कि दोनों राज्यों के बीच प्रस्तावित व्यवस्था पर जल्द सहमति बने, ताकि तैयार प्लांट का इस्तेमाल शुरू हो सके और दिल्ली में पानी की उपलब्धता बढ़ाई जा सके।

वहीं चंद्रावल में पुराने 90 एमजीडी क्षमता वाले प्लांट के परिसर में 105 एमजीडी क्षमता का नया वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किया गया है। नए प्लांट की टेस्टिंग यमुना के जलस्तर बढ़ने के बाद शुरू की गई थी और कुछ समय तक ट्रायल भी चला। लेकिन यमुना में पानी कम होने के बाद नए प्लांट के लिए पानी उपलब्ध कराने में पुराने प्लांट की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। फिलहाल नए चंद्रावल प्लांट से करीब 50 से 55 एमजीडी पानी का उत्पादन हो पा रहा है। इसके निर्माण पर करीब 598.57 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

दिल्ली में पानी की बढ़ती मांग के बीच इन दोनों परियोजनाओं के पूरी क्षमता से संचालन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। द्वारका प्लांट के लिए हरियाणा से कच्चा पानी हासिल करना और चंद्रावल प्लांट के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना फिलहाल बड़ी चुनौती है। दिल्ली सरकार की ओर से हरियाणा के साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। यदि पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होती है तो दोनों प्लांटों की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल कर राजधानी की जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।