MCD सदन की विशेष बैठक में कचरा प्रबंधन पर मंथन, खुले में कूड़ा फेंकने पर 10 हजार रुपये जुर्माने का सुझाव
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (02 October 2026): नई दिल्ली में शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम (MCD) सदन की विशेष बैठक में ठोस कचरा प्रबंधन उप नियम-2026 को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मुख्य अभियंता अजय अग्रवाल ने प्रस्तावित उप नियमों के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। पार्षदों ने कचरा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। चर्चा में तकनीक के इस्तेमाल और कचरे के स्रोत पर ही अलग-अलग करने की व्यवस्था मजबूत करने के सुझाव भी सामने आए।
भाजपा पार्षद योगिता सिंह ने सुझाव दिया कि एआई और तकनीक की मदद से अलग-अलग कॉलोनियों के हिसाब से कचरा प्रबंधन की व्यवस्था तय की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में लोग घर से गीला और सूखा कचरा अलग करके देते हैं, लेकिन संग्रहण के दौरान दोनों को मिला दिया जाता है। उन्होंने निजी एजेंसियों के कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण देने और गीले-सूखे कचरे के लिए अलग खानों वाले विशेष रिक्शों की व्यवस्था करने का सुझाव दिया, ताकि संकरी गलियों और बहुमंजिला इमारतों से कचरा उठाते समय समस्या कम हो।
बैठक में खुले में कचरा फेंकने की समस्या और जुर्माने को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा पार्षद धर्मवीर शर्मा ने कहा कि कई वार्डों में ऐसे स्थान हैं जहां लोग सफाई होने के बाद भी रात में सब्जियों के छिलके, बचा हुआ खाना और रोटियां फेंक देते हैं। उन्होंने ऐसे स्थानों पर बंद कैबिनेट या कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। साथ ही खुले में कचरा डालने पर मौजूदा 200 रुपये के जुर्माने को बढ़ाकर 10 हजार रुपये तक करने और फोटो के आधार पर कार्रवाई का प्रावधान करने की बात कही।
वहीं भाजपा पार्षद मनीषा सिंह ने कहा कि कचरा संग्रहण और परिवहन के दौरान ही कई बार गीले और सूखे कचरे का अलगाव खत्म हो जाता है। उनके मुताबिक घरों से अलग-अलग उठाया गया कचरा आगे जाकर एक साथ मिला दिया जाता है, इसलिए जागरूकता अभियान के साथ संग्रहण और परिवहन व्यवस्था में भी सुधार जरूरी है। उन्होंने घनी आबादी और संकरी गलियों के लिए छोटे वाहनों की व्यवस्था, गीले-सूखे कचरे के अलग संग्रहण तथा घरेलू खतरनाक कचरे को वैज्ञानिक तरीके से अलग करने की व्यवस्था पर जोर दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।