अस्थाकुंज गैंगरेप के बाद दिल्ली के DDA पार्कों में सुरक्षा सख्त, सूर्यास्त के बाद चुनिंदा गेट से एंट्री

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 September 2026): दिल्ली के अस्थाकुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के कथित गैंगरेप की घटना के बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के अपने पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश जारी किए हैं। DDA उपाध्यक्ष की ओर से जारी निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा गया है। इसके तहत कई एंट्री गेट वाले पार्कों में सूर्यास्त के बाद और पार्क बंद होने तक चुनिंदा गेट से ही प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

DDA ने पार्कों में अंधेरे और कम रोशनी वाले हिस्सों की समयबद्ध पहचान कर वहां अतिरिक्त लाइट, फ्लडलाइट और अन्य रोशनी की व्यवस्था करने का फैसला किया है। मुख्य प्रवेश द्वारों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि निगरानी मजबूत हो सके और किसी घटना की स्थिति में जल्द कार्रवाई की जा सके। जोखिम के आकलन के आधार पर कमजोर प्रवेश बिंदुओं और कम रोशनी वाले इलाकों में अतिरिक्त या प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। पार्कों में तैनात गार्डों की उपस्थिति, गश्त और कामकाज की भी पहले के मुकाबले ज्यादा सख्ती से जांच की जाएगी।

अस्थाकुंज पार्क में हुई घटना के बाद रात के समय पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय लड़की अपने एक पुरुष मित्र के साथ कालकाजी मंदिर गई थी और इसके बाद दोनों अस्थाकुंज पार्क में पहुंचे थे। आरोप है कि तीन युवक खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनके पास पहुंचे, दोनों को धमकाया और फिर उन्हें अलग कर दिया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने किशोरी का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के बाद DDA पार्कों के आसपास रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने और दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्क के भीतर या आसपास किसी संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित एजेंसियों को सूचना देने को कहा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में स्थानीय स्तर पर भी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है। DDA ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और स्थानीय हितधारकों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पार्कों में आने वाले लोगों को शाम के समय अच्छी रोशनी वाले हिस्सों में रहने की सलाह दी जाएगी। इसके अलावा सभी DDA पार्कों में सात दिनों के भीतर सुरक्षा संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्डों पर पार्क के नियम, आपातकालीन संपर्क नंबर और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाएगी। फील्ड अधिकारियों को इन सभी उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने और सुरक्षा इंतजामों की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन तत्काल उपायों के साथ राजधानी के पार्कों की व्यापक सुरक्षा ऑडिट भी कराई जाएगी। उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू के निर्देश पर यह ऑडिट गुरुवार से शुरू होकर एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाना है। इसमें पार्कों की लाइटिंग, सुरक्षा व्यवस्था, नियमित गश्त और साफ-सफाई समेत अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। हालांकि DDA पार्कों के अधिकारियों को ऑडिट पूरा होने का इंतजार नहीं करने को कहा गया है और चुनिंदा गेट से सूर्यास्त के बाद प्रवेश, CCTV और रोशनी बढ़ाने, अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, गार्डों की निगरानी और रात की पेट्रोलिंग जैसे कदम तुरंत उठाने के निर्देश दिए गए हैं। DDA का कहना है कि दिल्ली पुलिस, RWA और अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर शहर के हरित क्षेत्रों को महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और अन्य आगंतुकों के लिए सुरक्षित बनाने पर काम किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।