जन्मदिन मनाने जाना पड़ गया महंगा, संगम विहार में 45 मिनट में लाखों की चोरी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (21 September 2026):दिल्ली के संगम विहार इलाके में रविवार रात एक घर को चोरों ने उस समय निशाना बनाया, जब परिवार के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। करीब 30 से 45 मिनट के अंतराल में बदमाशों ने घर के गेट, शीशे और कई तालों को तोड़कर नकदी और सोने के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए।
पीड़िता मोमीना के मुताबिक, रविवार को परिवार उनकी पोती का जन्मदिन मनाने सुंदर नर्सरी गया था। इसके बाद परिवार लाजपत नगर में डिनर के लिए पहुंचा। लौटने से पहले उनकी बेटी ने केक काटने की बात कही, जिसके बाद परिवार हौज खास चला गया। इसी दौरान मोमीना का बेटा फर्दीन भी किसी काम से घर से बाहर चला गया। परिवार के सभी सदस्य बाहर थे और इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया।
मोमीना ने बताया कि उन्होंने अपने पति को फोन किया था, जिन्होंने करीब 30 से 45 मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी। जब उनके पति घर पहुंचे तो उन्होंने फोन करके पूछा कि क्या ऊपर या दूसरा गेट खुला छोड़ा गया था। जवाब मिलने के बाद उन्होंने बताया कि घर के दरवाजे खुले पड़े हैं, शीशा टूटा हुआ है और ऊपर का गेट भी तोड़ा गया है। इसके बाद परिवार को घर में चोरी होने की जानकारी हुई।
घर के अंदर जांच करने पर ड्रेसिंग एरिया समेत कई जगहों के ताले टूटे मिले। पीड़िता के अनुसार, उनकी बहू की चेन और नकदी, उनकी तथा बेटियों के सोने के कड़े और दूसरे कीमती आभूषण गायब थे। परिवार ने चोरी हुए सामान की पूरी कीमत का आकलन पुलिस जांच के बाद किए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल से जुटाए गए फॉरेंसिक सबूतों के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया और क्या आरोपी पहले से घर की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। करीब 45 मिनट की इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।