Delhi Metro की ग्लोबल एंट्री, बर्लिन के InnoTrans 2026 में DMIL दिखाएगी अपनी विशेषज्ञता

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (20 September 2026): दिल्ली मेट्रो अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेषज्ञता और अनुभव को पेश करने की तैयारी में है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी DMRC की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड यानी DMIL जर्मनी के बर्लिन में आयोजित होने वाले InnoTrans 2026 में वैश्विक मंच पर अपना पदार्पण करेगी। दुनिया के सबसे बड़े द्विवार्षिक रेल परिवहन व्यापार मेलों में शामिल InnoTrans में DMIL अपने अनुभव और विशेषज्ञता को अंतरराष्ट्रीय शहरी परिवहन क्षेत्र के हितधारकों के सामने रखेगी।

InnoTrans 2026 में DMIL ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस यानी O&M, परामर्श, परियोजना प्रबंधन और सलाहकारी सेवाओं के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी। DMRC के प्रधान कार्यकारी निदेशक कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस अनुज दयाल के मुताबिक, कंपनी ट्रांजिट अथॉरिटीज, इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों, टेक्नोलॉजी प्रदाताओं, ऑपरेटरों और अन्य मोबिलिटी क्षेत्र के हितधारकों के साथ संवाद करेगी। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय शहरी परिवहन क्षेत्र में साझेदारी और नए कारोबारी अवसरों की संभावनाएं तलाशना है।

DMIL के सीईओ संजय जमुआर ने कहा कि InnoTrans 2026 डीएमआरसी और डीएमआईएल की विशेषज्ञता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कंपनी दुनिया भर की ट्रांजिट अथॉरिटीज, इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स और मोबिलिटी क्षेत्र के प्रमुख लोगों के साथ जुड़ना चाहती है। उनके मुताबिक, आज शहरों को एकीकृत, लचीले और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मोबिलिटी समाधानों की आवश्यकता है और DMIL अपनी इंजीनियरिंग विशेषज्ञता व वास्तविक परिचालन अनुभव को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक ले जाने के अवसर तलाश रही है।

दिल्ली मेट्रो वर्तमान में 416 किलोमीटर से अधिक लंबे नेटवर्क और 300 से ज्यादा स्टेशनों के साथ रोजाना करीब 65 लाख यात्रियों के आवागमन को संभालती है। इसी अनुभव को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ले जाने के लिए DMIL ने पिछले तीन महीनों में पांच अंतरराष्ट्रीय टेंडरों में हिस्सा लिया है। कंपनी पश्चिम एशिया और चुनिंदा यूरोपीय बाजारों में अवसर तलाश रही है, जबकि भविष्य में उत्तरी अमेरिका में संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। अफ्रीका को भी संभावित बाजार के तौर पर देखा जा रहा है, जहां स्थानीय कंपनियों और भारत सरकार के सहयोग से अवसर तलाशे जा सकते हैं।

InnoTrans 2026 के जरिए DMIL का लक्ष्य अपने परिचालन अनुभव, परियोजना क्रियान्वयन क्षमता और मेट्रो एवं शहरी परिवहन से जुड़ी विशेषज्ञता को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाना है। इस आयोजन में ऑटोनॉमस पब्लिक ट्रांसपोर्ट, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों पर भी विशेष फोकस रहेगा। ऐसे में DMIL अलग-अलग देशों में ट्रांजिट परियोजनाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ सहयोग की संभावनाएं तलाशने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर अपनाई जा रही बेहतर प्रक्रियाओं से सीखने का प्रयास करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।