प्रधानमंत्री आवास का भी निरीक्षण कराए भाजपा: PAC के फ्लैगस्टाफ रोड दौरे से पहले AAP की मांग

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (12 September 2026): आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा की लोक लेखा समिति (PAC) द्वारा फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर छह के निरीक्षण के फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास को लेकर झूठे दावे करने का आरोप लगाया है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि भाजपा लंबे समय से इस आवास की कथित भव्यता को लेकर कई आरोप लगाती रही है और 14 सितंबर को होने वाले निरीक्षण के बाद सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।

आतिशी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि भाजपा ने फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री आवास को लेकर दावा किया था कि वहां स्विमिंग पूल, सोने का कमोड, मदिरालय समेत कई तरह की सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा की लोक लेखा समिति द्वारा आवास का निरीक्षण किए जाने के बाद इन दावों की वास्तविकता सामने आ जाएगी। आतिशी ने साथ ही मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का भी इसी तरह निरीक्षण कराया जाना चाहिए।

आप नेता और PAC सदस्य संजीव झा ने भी भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री आवास को लेकर सोने और हीरे जड़े कमोड, बार और स्विमिंग पूल होने जैसे दावे किए गए थे। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर को PAC मुख्यमंत्री आवास का निरीक्षण करने जा रही है और वह चाहते हैं कि मीडिया के साथी भी इस निरीक्षण को देखें, ताकि दिल्ली की जनता खुद जान सके कि भाजपा द्वारा किए गए दावों में कितनी सच्चाई थी।

संजीव झा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास भी दिल्ली में स्थित है, इसलिए दिल्ली विधानसभा की PAC को वहां भी निरीक्षण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके बाद दिल्ली की जनता खुद देख सकेगी कि मुख्यमंत्री आवास में क्या था और प्रधानमंत्री आवास में क्या है। आप नेताओं का कहना है कि फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले के निरीक्षण से भाजपा द्वारा चुनाव के दौरान उठाए गए मुद्दे और लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए।

बता दें कि अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री रहते हुए सिविल लाइंस के फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर छह में रहते थे। भाजपा ने वर्ष 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान इस बंगले के मरम्मत कार्य और खर्च को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया था तथा इसे ‘शीशमहल’ बताते हुए अत्यधिक खर्च किए जाने का आरोप लगाया था। केजरीवाल के इस्तीफे और आवास खाली करने के बाद लोक निर्माण विभाग ने इसके अंदरूनी हिस्सों का विस्तृत ऑडिट किया था। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार इस संपत्ति को अतिथि गृह में बदलने और इसके प्रबंधन की जिम्मेदारी निजी आतिथ्य कंपनियों को सौंपने की योजना बना रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।