नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16 फरवरी 2025): नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ की जांच के लिए रेलवे मंत्रालय ने दो सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति उत्तर रेलवे के मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (PCCM) नरसिंह देव और प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त (PCSC) पंकज गंगवार की अध्यक्षता में बनाई गई है। समिति इस हादसे के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुझाव देगी।

वीडियो फुटेज सुरक्षित रखने के आदेश

रेलवे मंत्रालय ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की सभी वीडियो फुटेज को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। जांच समिति इन फुटेज की गहन जांच करके यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि भगदड़ किस वजह से मची और किन कारणों से स्थिति बेकाबू हो गई। इसके अलावा, रेलवे प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण प्रबंधन की भूमिका की भी समीक्षा की जाएगी।

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, महाकुंभ के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था के बावजूद, स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। यात्रियों की भारी संख्या और प्लेटफॉर्म पर अव्यवस्था के कारण भगदड़ मच गई, जिससे कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस और राहत दल करीब 30-45 मिनट की देरी से पहुंचे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

रेलवे मंत्रालय ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जा सकती है और भविष्य में रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर नए नियम लागू किए जा सकते हैं। रेलवे ने यह भी आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।