Ghaziabad News (12/09/2026): गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की दूसरी मंजिल से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में महिला को मकान की छत से नीचे सड़क पर गिरते हुए देखा जा रहा है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि महिला से लगातार स्कॉर्पियो की मांग की जा रही थी और मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
मृतका की पहचान आकृति के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 7 सितंबर की रात आकृति ने अपने भाई को फोन कर मदद की गुहार लगाई थी। उसने कथित तौर पर बताया था कि ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे अपनी जान का खतरा है। कुछ ही समय बाद उसके पति गौरव ने मायके वालों को फोन कर जानकारी दी कि आकृति छत से गिर गई है। गंभीर रूप से घायल आकृति को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था। 11 सितंबर की देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शादी से पहले भी दहेज को लेकर हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार, आकृति की शादी मुरादनगर निवासी गौरव के साथ तय हुई थी। शादी से पहले ही कथित तौर पर दहेज को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद सामने आया था। मायके वालों का आरोप है कि लड़के पक्ष की ओर से 30 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो की मांग रखी गई थी। परिवार ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई थी। इसको लेकर मामला मुरादनगर थाने तक पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। इसके बाद शादी नहीं हो सकी। हालांकि, शादी टूटने के बावजूद गौरव और आकृति के बीच बातचीत जारी रही। करीब दो महीने बाद दोनों ने परिवार की सहमति के बिना मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद आकृति गौरव के साथ उसके मुरादनगर स्थित घर में रहने लगी।
शादी के बाद फिर उठी स्कॉर्पियो की मांग
आकृति के भाई प्रभात का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों में स्थिति सामान्य रही, लेकिन कुछ समय बाद गौरव ने दोबारा स्कॉर्पियो की मांग शुरू कर दी। कथित तौर पर वह आकृति से अपने मायके से गाड़ी लाने के लिए दबाव बनाता था। परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर आकृति के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। परिवार के मुताबिक, यह सिलसिला लगातार बढ़ता गया।
घटना से कुछ देर पहले भाई को किया था फोन
मृतका के भाई प्रभात के मुताबिक, 7 सितंबर को आकृति ने फोन कर बताया था कि ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। उसने यह भी आशंका जताई थी कि उसकी हत्या की जा सकती है।परिवार का कहना है कि इस फोन कॉल के कुछ समय बाद ही गौरव की ओर से सूचना दी गई कि आकृति छत से नीचे गिर गई है। मायके वाले तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां आकृति गंभीर अवस्था में भर्ती थी।
CCTV में छत से गिरती दिखी महिला
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज ने मामले को और गंभीर बना दिया है। फुटेज में मकान की दूसरी मंजिल की ऊंचाई से एक महिला सड़क पर गिरती दिखाई दे रही है। महिला के गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो जाती है।हालांकि, CCTV फुटेज में महिला के छत से गिरने से पहले की पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं होती। महिला किन परिस्थितियों में छत से नीचे गिरी, यह पुलिस जांच का प्रमुख बिंदु है।
पति समेत पांच लोगों पर मुकदमा
आकृति की मौत के बाद मायके वालों ने मुरादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मृतका के पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज तथा ननद सोनी और नेहा के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बोली- दहेज हत्या का मामला, जांच जारी
DCP देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक, पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस इसे दहेज हत्या से जुड़े मामले के तौर पर जांच रही है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल CCTV फुटेज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिजनों के आरोप और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।